Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ओमान तट पर फिर हमला :भारतीय जहाज MT जलवीर में लगी आग, 20 भारतीय सवार

ओमान के शिनास बंदरगाह के पास भारतीय जहाज MT जलवीर पर हमला होने की खबर है। जहाज पर 20 भारतीय सवार थे और इंजन में आग लगने के बाद SOS संदेश जारी किया गया। इससे पहले सेटेबेलो जहाज पर भी हमला हुआ था। भारतीय दूतावास हालात पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों से संपर्क में है।
भारतीय जहाज MT जलवीर में लगी आग, 20 भारतीय सवार

ओमान के शिनास बंदरगाह के पास भारतीय जहाज MT जलवीर पर हमला होने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहाज पर 20 भारतीय नागरिक सवार हैं। हमले के बाद जहाज के इंजन में आग लग गई, जिसके चलते क्रू मेंबर्स ने SOS संदेश जारी किया। सामने आई तस्वीरों में समुद्र के बीच जहाज से धुआं और आग निकलती दिखाई दे रही है।

भारतीय दूतावास ने जारी किया बयान

ओमान में भारतीय दूतावास ने गुरुवार (11 जून) को बताया कि उन्हें शिनास बंदरगाह के पास एक जहाज से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है। दूतावास ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर रख रहा है और स्थानीय प्रशासन व संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क में है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Twitter Post

एक दिन पहले भी हुआ था जहाज पर हमला

बुधवार (10 जून) को ओमान के तट के पास एक अन्य व्यावसायिक जहाज पर भी हमला हुआ था। उस जहाज पर कुल 28 लोग सवार थे, जिनमें 24 भारतीय नागरिक शामिल थे। हमले के बाद 21 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन भारतीय लापता हो गए थे।

ये भी पढ़ें: Strait Of Hormuz : होर्मुज बंद होते ही भारत के सामने फिर बढ़ी मुसीबत, 4 ऐसे क्षेत्र जिस पर लगेगा सबसे ज्यादा झटका

लापता भारतीयों में से दो के शव मिले

हमले के बाद लापता हुए तीन भारतीयों में से दो के शव मिलने की जानकारी सामने आई है। भारत सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और मामले पर नजर बनाए हुए है।

सेटेबेलो जहाज को बनाया गया था निशाना

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को जिस जहाज पर हमला हुआ था उसका नाम सेटेबेलो था। जहाज पर मौजूद 24 भारतीय क्रू सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।

ये भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर पर हमला : 3 भारतीय नाविकों की मौत, अमेरिकी हमले के खिलाफ UN में गरजा भारत

हमलों के पीछे क्या वजह?

समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ब्रिटिश मैरीटाइम सिक्योरिटी ग्रुप एम्ब्रे के हवाले से बताया कि यह हमला संभवतः ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी से जुड़े अमेरिकी अभियान का परिणाम हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सुरक्षा एजेंसियों ने पहले भी जहाजों के क्रू को हमले की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी थी।

3 दिनों में 3 जहाजों पर हमला

MT जलवीर पर हमला ओमान के समुद्री क्षेत्र में लगातार तीसरी बड़ी घटना है। पिछले दो दिनों में भी जहाजों को निशाना बनाया गया था। बुधवार को सेटेबेलो जहाज पर हुए हमले के बाद भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था। इस मामले में भारत ने अमेरिकी प्रभारी राजदूत जेसन मीक्स को विदेश मंत्रालय बुलाकर अपनी आपत्ति भी जताई थी।

ओमान के समुद्री क्षेत्र में लगातार हो रहे हमलों से चिंता बढ़ गई है। भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts