नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने पर भड़के ट्रंप, नॉर्वे को कहा घटिया देश

मिशिगन में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रम्प ने दावा किया कि उन्होंने 8 युद्ध रुकवाए, फिर भी उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिला। उन्होंने फ्रांस में हाल में हुई हिंसा के लिए प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराया और नॉर्वे को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। ट्रम्प लंबे समय से इस पुरस्कार पर अपना दावा जताते रहे हैं और कई बार इसकी तुलना पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को मिले सम्मान से भी कर चुके हैं।
नॉर्वे को बताया घटिया देश, प्रवासियों पर भी साधा निशाना
ट्रम्प ने फ्रांस में हाल में हुई हिंसा के लिए प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद उन्होंने नॉर्वे की आलोचना करते हुए कहा कि वह एक घटिया देश बन गया है। नोबेल शांति पुरस्कार नहीं मिलने को लेकर ट्रम्प पहले भी कई बार अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं और अपने कूटनीतिक प्रयासों को इस सम्मान के योग्य बताते रहे हैं।
अब सिर्फ ईरान और यूक्रेन की जंग सुलझानी है
ट्रम्प लंबे समय से दावा करते रहे हैं कि उनके कूटनीतिक प्रयासों के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब उन्हें सिर्फ ईरान और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध सुलझाने हैं। ट्रम्प ने यह भी बताया कि पुरस्कार की घोषणा से पहले उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें यह सम्मान मिलेगा और उन्होंने अपनी पत्नी से भी इस बारे में बात की थी।
नोबेल पुरस्कार का फैसला नॉर्वे की सरकार नहीं करती
नोबेल शांति पुरस्कार के विजेता का चयन नॉर्वे की सरकार नहीं करती, बल्कि स्वतंत्र नॉर्वेजियन नोबेल समिति यह फैसला लेती है। समिति में पांच सदस्य होते हैं, जिन्हें नॉर्वे की संसद नियुक्त करती है। नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोर भी पहले ट्रम्प को समझा चुके हैं कि पुरस्कार देने का निर्णय सरकार के हाथ में नहीं है।
2018 से ही नोबेल पुरस्कार को लेकर दावेदारी जता रहे ट्रम्प
ट्रम्प की नोबेल शांति पुरस्कार पाने की इच्छा नई नहीं है। अक्टूबर 2018 में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा था कि शायद उन्हें यह पुरस्कार कभी नहीं मिलेगा, भले ही वे उत्तर कोरिया और सीरिया में शांति कायम करने की कोशिश कर रहे हों। इसके बाद फरवरी 2019 में उन्होंने अपनी दावेदारी खुलकर रखी और कहा कि जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने उन्हें नोबेल पुरस्कार के लिए नामित किया है, हालांकि उन्हें इसे जीतने की उम्मीद कम थी।




















