तमिलनाडु में फिल्मी अंदाज में जेलब्रेक! बीमारी का बहाना बनाकर 17 कैदी फरार, पुलिस के उड़े होश

तमिलनाडु के थेनी जिले में जेल कर्मचारियों पर हमला कर 17 कैदी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कैदियों ने बीमारी का बहाना बनाकर भागने की साजिश रची। पुलिस ने एक कैदी को पकड़ लिया है, जबकि बाकी 16 की तलाश जारी है। 17 स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और 16 जगहों पर नाकाबंदी की गई है।
तमिलनाडु में फिल्मी अंदाज में जेलब्रेक! बीमारी का बहाना बनाकर 17 कैदी फरार, पुलिस के उड़े होश
एक कैदी की बीमारी, 17 की फरारी! तमिलनाडु की जेल में कैसे हुआ बड़ा खेल?

तमिलनाडु के थेनी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां जेल में बंद 17 कैदी कर्मचारियों पर हमला करके फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कैदियों ने भागने के लिए पहले एक साथी की तबीयत खराब होने का बहाना बनाया। जैसे ही जेल कर्मचारी उसे देखने पहुंचे, कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

बीमारी का बहाना बनाकर जेल से भागे 17 कैदी

पुलिस के मुताबिक, सभी 17 कैदी जेल की एक ही सेल में बंद थे। इसी दौरान जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सूचना मिलते ही कर्मचारी उसकी मदद के लिए सेल में पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद कैदियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद सभी 17 कैदी जेल से भागने में कामयाब हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया।

17 कैदियों की तलाश में 17 स्पेशल टीमें

जेल से एक साथ इतने कैदियों के भागने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है। साउथ जोन पुलिस के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान फरार कैदियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, बाकी 16 कैदी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने 17 स्पेशल टीमें बनाई हैं। ये टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी और तलाशी कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि फरार कैदी आसपास के जिलों में छिप सकते हैं। इसी वजह से पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

X Post

16 जगहों पर चेक पोस्ट, हर वाहन की जांच

कैदियों की फरारी के बाद तमिलनाडु पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन चेक पोस्ट पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि फरार कैदी जिले की सीमा पार करके दूसरे इलाकों में न पहुंच सकें। इसके लिए मुख्य सड़कों और दूसरे रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा मदुरै, डिंडीगुल और केरल के इडुक्की जिले के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

ये भी पढ़ें: हैदराबाद में रिटायर्ड IPS की पत्नी की हत्या का खुलासा, घरेलू मेड समेत नेपाल बेस्ड गैंग के 4 आरोपी गिरफ्तार

फरार कैदियों की पहचान आई सामने

पुलिस ने जेल से फरार हुए सभी 17 कैदियों की पहचान कर ली है। इनमें लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेंजीसुंदरम, सबरी, पोन मुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरुण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन शामिल हैं। इन सभी की तस्वीरें आसपास के जिलों के पुलिस अधिकारियों को भेज दी गई हैं, ताकि उनकी पहचान करके जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर एक ही सेल में बंद 17 कैदी कर्मचारियों पर हमला करके कैसे भाग निकले? क्या जेल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे? फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कैदियों ने भागने की योजना पहले से बनाई थी या अचानक मौका मिलने पर फरार हुए। वहीं, पुलिस की स्पेशल टीमें बाकी 16 कैदियों की तलाश में लगातार जुटी हुई हैं।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts