Peoples Update Special :कारगिल से कन्याकुमारी तक 4200 किमी की अल्ट्रा रन पर निकलेंगे इंदौर के कार्तिक जोशी

विश्वनाथ सिंह, इंदौर। कार्तिक जोशी कारगिल से कन्याकुमारी तक 4200 किलोमीटर की अल्ट्रा रन के लिए तैयारी कर रहे हैं। फरवरी में शुरू होने वाली उनकी अल्ट्रा रन में वे 03 केंद्र शासित प्रदेश और 7 राज्यों से होकर गुजरेंगे। यह दौड़ केवल दूरी की नहीं, बल्कि शारीरिक, मानसिक और मौसम की कठिन परीक्षाओं की भी होगी।
12 सदस्यों की टीम रहेगी साथ
12 सदस्यीय सपोर्ट टीम रहेगी साथ-इस महाअभियान को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए कार्तिक के साथ 12 सदस्यीय सपोर्ट टीम रहेगी। इसमें लॉजिस्टिक मैनेजमेंट, न्यूट्रिशन एक्सपर्ट, डॉक्टर और अन्य तकनीकी सहयोगी होंगे। टीम कार्तिक की सेहत, खान-पान, रिकवरी और रूट मैनेजमेंट पर लगातार नजर रखेगी, ताकि वे रोजाना तय दूरी पूरी कर सकें।
-20 से 40 डिग्री तक मिलेगा तापमान
कार्तिक ने बताया कि इस अल्ट्रा रन के दौरान उनको मौसम की बेहद विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। लद्दाख और कारगिल क्षेत्र में जहां तापमान माइनस 20 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। वहीं दक्षिण भारत की ओर बढ़ते हुए उन्हें 40 डिग्री सेल्सियस तक की गर्मी झेलनी होगी। प्रतिदिन वह सुबह 4 बजे से 11 बजे तक फिर दोपहर में 2 बजे से शाम 7 बजे तक दौड़ेंगे। वह चार तरह के खास रनिंग शूज और 55 तरह के अलग सॉक्स पहनेंगे।
हर 15 दिन में हो रहा बॉडी चेकअप
कार्तिक ने बताया कि पिछले एक माह से हर 15 दिन में फुल बॉडी चेकअप हो रहा है। इसके बाद जब वह रनिंग शुरू करेंगे तब हर आठ दिन डॉक्टरों की विशेष टीम चेकअप करेगी।
प्रोफेशनल ट्रेनिंग जरूरी
इसके लिए प्रोफेशनल ट्रेनिंग बहुत जरूरी है। इस रनिंग के दौरान बेहतर न्यूट्रीशियन, रिकवरी टीम, फिजियोथैरेपी टीम को साथ में रखना चाहिए। यह एक मेंटल गेम है, अच्छे मनोबल और ट्रेनिंग के साथ इसे किया जा सकता है। इतनी लंबी रनिंग के लिए कई वर्ष की मेहनत और ट्रेनिंग जरूरी होती है। इसे देखकर अगर कोई एक दम से रनिंग शुरू कर दे तो उसे परेशानी हो सकती है। लंबे समय तक ऐसा करने से घुटने और मांसपेशियों में परेशानी हो सकती है।
डॉ. अंकित थोरा, हड्डी रोग विशेषज्ञ, एमवाय अस्पताल
84 किमी प्रतिदिन दौड़ने के लिए यह हो सकती है डाइट -
- काबोर्हाइड्रेट : 8-12 ग्राम प्रति किलो बॉडी वेट
- प्रोटीन : 1.6-2.2 ग्राम प्रति किलो बॉडी वेट
- फैट : कुल कैलोरी का 20-30%
- कैल्शियम : 1000-1500 मिलीग्राम प्रतिदिन
- आयरन : 18-25 मिलीग्राम प्रतिदिन
- सोडियम : 3000-6000
- पोटैशियम : 3500-4500
- मैग्नीशियम : 400-500
- पानी और हाइड्रेशन : 6-10 लीटर प्रतिदिन (सोर्स : डाइटीशियन के अनुसार)




















