इंदौर में 8वीं मंजिल से कूदकर युवती की मौत, लिव-इन पार्टनर से तीन दिन से चल रहा था विवाद; पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

इंदौर। शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित पलास परिसर में एक 20 वर्षीय युवती की आठवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। युवती की पहचान अंजलि थापा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले अंजलि का अपने लिव-इन पार्टनर अजय मुंडे से विवाद हुआ था। दोनों के बीच पिछले तीन दिनों से कहासुनी चल रही थी। घटना के बाद पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी देखें: Yemen Houthis Attack Saudi Arabia: तेल ठिकानों और एयरपोर्ट पर हमलों का दावा, मक्का-मदीना को लेकर क्या है पूरा मामला?
छह दिन पहले ही दिल्ली से इंदौर आए थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से उत्तराखंड के चमोली की रहने वाली अंजलि दिल्ली में स्पा में काम करती थी। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के समयपुर निवासी अजय मुंडे से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।बताया गया है कि 18 अक्टूबर को अजय और अंजलि दिल्ली से इंदौर आए थे। यहां उन्होंने पलास परिसर के बी-ब्लॉक में आठवीं मंजिल पर स्थित फ्लैट नंबर 801 किराये पर लिया था। परिसर के रहवासियों को दोनों ने पीथमपुर में नौकरी करने की जानकारी दी थी।
शराब पीने के बाद हुआ विवाद
तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार, पूछताछ में अजय ने बताया कि पिछले तीन दिनों से दोनों के बीच विवाद हो रहा था। शनिवार को दोनों ने शराब पी थी। इसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी होने लगी।अजय के बयान के मुताबिक, विवाद के दौरान वह किसी काम से किचन में गया था। इसी बीच अंजलि ने बालकनी से छलांग लगा दी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
यह भी देखें: Arunachal Pradesh Violence: सियांग परियोजना के विरोध में हिंसा, NHPC कार्यालय और पुलिस स्टेशन में लगाई आग
अस्पताल ले गए रहवासी, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
युवती के आठवीं मंजिल से गिरने की जानकारी मिलते ही परिसर के रहवासी मौके पर पहुंचे। रहवासी संघ के अध्यक्ष अभिषेक दुबे और अन्य लोग अंजलि को गंभीर हालत में राऊ स्थित मैक्सवेल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया गया। एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
फोन पर बातचीत को लेकर भी विवाद की बात
पुलिस पूछताछ में अजय ने यह भी बताया कि अंजलि पिछले तीन दिनों से किसी व्यक्ति से फोन पर बातचीत कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने का दावा उसने किया है। अजय के अनुसार, वह मजदूरी करता था, जबकि अंजलि स्पा में काम करती थी। उसने यह भी बताया कि अंजलि अपने परिजनों के संपर्क में नहीं थी।फिलहाल पुलिस ने अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।




















