Pinkathon Day 2026: भोपाल में 120 लोगों ने लगाई दौड़, महिलाओं को दिया सेहत और आत्मनिर्भरता का संदेश

भोपाल। महिलाओं को अपनी सेहत के लिए जागरूक करने और फिट रहने के लिए प्रेरित करने के मकसद से भोपाल में पिंकथॉन डे 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के चौथे संस्करण में 120 लोगों ने उत्साह के साथ 3 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। सुबह 6 बजे शुरू हुई इस दौड़ को अरुणेश्वर शरण सिंह देव और नीरज गुलाटी ने फ्लैग ऑफ किया। आयोजन में महिलाओं को नियमित व्यायाम के साथ अपने आर्थिक भविष्य पर भी ध्यान देने का संदेश दिया गया। म्यूचुअल फंड्स सही है इस कार्यक्रम का प्रमुख भागीदार रहा।
65 शहरों में एक साथ दौड़े लोग
पिंकथॉन डे 2026 भारत, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के 65 शहरों में 168 स्थानों पर आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में अलग-अलग उम्र के लोगों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। भोपाल में 96 साल की महिला अपने परिवार के साथ दौड़ में शामिल हुईं। उनकी भागीदारी ने लोगों को यह प्रेरणा दी कि सेहत का ध्यान रखने और सक्रिय रहने के लिए उम्र कोई रुकावट नहीं है। नियमित व्यायाम और दौड़ जैसी गतिविधियां शरीर को सक्रिय रखने में मदद करती हैं।
फिटनेस के साथ आर्थिक मजबूती का संदेश
पिंकथॉन डे में महिलाओं को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ पैसों से जुड़े फैसले खुद लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वेंकट एन. चलसानी ने कहा कि महिलाएं सोच-समझकर निवेश करने और नियमित बचत की आदत अपनाकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में कदम उठा सकती हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय योजना और पैसे के सही इस्तेमाल के बारे में जागरूक करना भी है।
मिलिंद सोमन का उद्देश्य
पिंकथॉन के संस्थापक मिलिंद सोमन ने कहा कि पिंकथॉन डे लोगों को एक साझा मकसद के लिए साथ लाने का अवसर है। इसके जरिए महिलाओं को अपनी सेहत को प्राथमिकता देने और रोजमर्रा की जिंदगी में फिटनेस को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाता है। यह पहल स्तन कैंसर समेत महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने का काम भी करती है।
सेहत और सुरक्षित भविष्य की ओर कदम
म्यूचुअल फंड्स सही है ने इस आयोजन के जरिए स्वास्थ्य और आर्थिक जागरूकता का संदेश आगे बढ़ाया। वहीं, AMFI की स्थापना 22 अगस्त 1995 को हुई थी। यह एक गैर-लाभकारी संस्था है, जो म्यूचुअल फंड उद्योग के विकास और निवेशकों के हितों की रक्षा के लिए काम करती है। पिंकथॉन डे जैसी पहल महिलाओं को अपनी सेहत का ध्यान रखने, नियमित व्यायाम करने और आर्थिक फैसलों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करती हैं।




















