200 साल पुराने एक्सीलेंस स्कूल का भव्य जश्न, हाथी की अगुवाई में निकली रैली; पुरानी यादें ताजा कर भावुक हुए पूर्व छात्र

गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कूल की स्थापना के 200 वर्ष पूरे होने पर सागर में भव्य साइकिल और पैदल रैली निकाली गई। वृंदावन बाग मठ का हाथी आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि बुंदेली वाद्य यंत्रों की धुन और 18 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा ने आयोजन को यादगार बना दिया।
200 साल पुराने एक्सीलेंस स्कूल का भव्य जश्न, हाथी की अगुवाई में निकली रैली; पुरानी यादें ताजा कर भावुक हुए पूर्व छात्र
दो शताब्दियों का गौरवशाली इतिहास, पीढ़ियों को गढ़ने वाली शिक्षा की परंपरा और हजारों विद्यार्थियों की सुनहरी यादें

सागर। मध्य प्रदेश के सागर स्थित गवर्नमेंट एक्सीलेंस स्कूल ने अपनी स्थापना के 200 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर शनिवार को शहर में साइकिल और पैदल रैली निकाली गई। इसमें स्कूल के वर्तमान विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में पूर्व छात्रों ने हिस्सा लिया। रैली में वृंदावन बाग मठ का हाथी आकर्षण का केंद्र रहा, जबकि बुंदेली वाद्य यंत्रों की धुन ने आयोजन को खास बना दिया। शहर में 18 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।

दो सौ साल पुरानी शैक्षणिक परंपरा का उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्कूल से जुड़ी कई पीढ़ियों की यादों को फिर से जीने का अवसर भी बना। पुराने विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तो कई लोग भावुक हो गए।

महापौर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

रैली को मुख्य अतिथि महापौर संगीता सुशील तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थापना के 200 वर्ष पूरे होना गौरव की बात है। ऐसे आयोजन पूर्व छात्रों को एक-दूसरे से मिलने और पुरानी यादें ताजा करने का अवसर देते हैं। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों के उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

हाथी की अगुवाई और बुंदेली वाद्य यंत्रों ने खींचा ध्यान

रैली में वृंदावन बाग मठ का हाथी सबसे आगे चल रहा था। उसके साथ बज रहे बुंदेली वाद्य यंत्रों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। साइकिलों पर सवार विद्यार्थियों और पैदल चल रहे पूर्व छात्रों का जगह-जगह स्वागत किया गया। गोपालगंज खांडेकर चौक पर उमाकांत मिश्रा, ऋषिकुल विद्यालय के प्राचार्य राम शास्त्री और पं. सुरेश तिवारी ने बटुकों के साथ पुष्पवर्षा कर रैली का अभिनंदन किया।

पुरानी यादें सुनाते हुए भावुक हुए पूर्व छात्र

इस आयोजन का सबसे भावुक पल तब आया, जब वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व छात्र कृष्णवीर सिंह ठाकुर ने विद्यालय से जुड़ी यादें साझा कीं। पुराने दिनों को याद करते हुए उनकी आंखें नम हो गईं। महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने भी अपने परिवार का विद्यालय से जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य भी इसी स्कूल में पढ़ चुके हैं। अलग-अलग पीढ़ियों के पूर्व छात्रों की मौजूदगी ने विद्यालय के साथ उनके गहरे रिश्ते को दिखाया।

1961 से 1990 के दशक तक के पूर्व छात्र हुए शामिल

कार्यक्रम में वर्ष 1961 से लेकर 1990 के दशक तक विद्यालय में पढ़ चुके पूर्व छात्र शामिल हुए। प्रसन्नलाल सेलट, डॉ. राजेश शुक्ला, ब्रजभूषण पाठक, नरेंद्र चौकसे, कृष्णगोपाल पांडे, कृष्णवीर सिंह ठाकुर, डॉ. रणजीत सिंह सहित कई पूर्व विद्यार्थियों ने आयोजन में सहभागिता की। रैली शुरू होने से पहले विद्यालय के प्राचार्य सुधीर तिवारी का स्वागत किया गया। वरिष्ठ और नए विद्यार्थियों का एक साथ जुटना स्कूल की दो सौ साल पुरानी विरासत का प्रतीक बना।

अनिल दुबे
By अनिल दुबे

लेखक के बारे में अनिल दुबे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। डॉ सर हरीसिंह गौर केंदीय ...

Latest Posts