ऊना-इंदौर हिमाचल एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में चूहे का आतंक, 78 वर्षीय बुजुर्ग की नाक काटी

चंडीगढ़ से इंदौर आ रही ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में 78 वर्षीय बुजुर्ग की नाक चूहे ने काट ली। परिजनों का आरोप है कि यात्रा के दौरान कोच में चूहा और गंदगी होने की शिकायत रेलवे स्टाफ से की गई थी, लेकिन सफाई के बाद चूहे को हटाने की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई।
ऊना-इंदौर हिमाचल एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में चूहे का आतंक, 78 वर्षीय बुजुर्ग की नाक काटी
फाइल फोटो

इंदौर। ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में चूहे की मौजूदगी की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का खामियाजा 78 वर्षीय बुजुर्ग को भुगतना पड़ा। चंडीगढ़ से इंदौर आ रहे बुजुर्ग की रात करीब साढ़े 10 बजे चूहे ने नाक काट ली। परिजनों का कहना है कि यात्रा के दौरान कोच में चूहे और गंदगी को लेकर रेलवे स्टाफ से शिकायत की गई थी। कर्मचारियों ने गंदगी तो साफ कर दी, लेकिन चूहे को नहीं हटाया गया। इंदौर पहुंचने के बाद ​बुजुर्ग को निजी अस्पताल ले जाकर रैबिज का इंजेक्शन लगवाया गया।

बेटे के साथ इंदौर आ रहे थे बुजुर्ग

जानकारी के अनुसार बुजुर्ग एचपी करण के बेटे विजय का हाल ही में चंडीगढ़ से इंदौर ट्रांसफर हुआ है। वे सरकारी महकमे में अफसर है। विजय ने बताया कि वे लोग शनिवार को चंडीगढ़ से इंदौर आने के लिए ऊना-इंदौर एक्सप्रेस में सवार हुए थे। यात्रा शुरू होने के बाद ही कोच में चूहा और गंदगी दिखाई दी। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों से इसकी शिकायत की। इसके बाद सफाई तो कर दी गई, लेकिन चूहे को पकड़ने या पेस्ट कंट्रोल की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। परिवार का आरोप है कि वे लगातार शिकायत करते रहे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

ये भी पढ़ें: इंदौर एयरपोर्ट पर चूहों का आतंक, यात्री की पैंट में घुसा और काटा, बेंगलुरु में लगवाया रेबीज का इंजेक्शन

रात को सोते समय काटा 

विजय ने बताया कि रात करीब साढ़े 10 बजे पिता जब सो रहे थे, तभी चूहे ने उनकी नाक काट ली। घटना के बाद परिवार ने ट्रेन में मदद मांगी। आगरा पहुंचने पर डॉक्टर ने बुजुर्ग को देखा और तत्काल गंभीर उपचार की जरूरत नहीं बताई। इंदौर पहुंचने के बाद परिजन उन्हें सीधे कोकिलाबेन अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने रैबीज का पहला इंजेक्शन लगाया। डॉक्टरों के मुताबिक आगे चार और इंजेक्शन लगाए जाने हैं। विजय ने कहा कि फर्स्ट एसी जैसे कोच में सफर करने वाले यात्री को चूहे के काटने की घटना रेलवे की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

इंदौर एयरपोर्ट पर भी यात्री को काट चुका है चूहा 

चूहे के आतंक का यह पहला मामला नहीं है। कुछ समय पहले इंदौर एयरपोर्ट पर भी भोपाल के नीरज को चूहे के काटने की घटना सामने आ चुकी है। नीरज बेंगलुरु जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, तभी टर्मिनल परिसर में चूहे ने उन्हें काट लिया था। इसके बाद एयरपोर्ट की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल उठे थे। यात्रियों की ओर से एयरपोर्ट टर्मिनल में चूहे दिखाई देने की शिकायतें भी पहले की जा चुकी हैं।  

ये भी पढ़ें: इंदौर वंदे भारत का बढ़ेगा दायरा, अब बिलासपुर तक विस्तार का प्रस्ताव; बोर्ड की मंजूरी का इंतजार

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts