Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

इंदौर वंदे भारत का बढ़ेगा दायरा, अब बिलासपुर तक विस्तार का प्रस्ताव; बोर्ड की मंजूरी का इंतजार

इंदौर-नागपुर वंदे भारत को बिलासपुर तक बढ़ाने का प्रस्ताव है। मंजूरी के बाद सप्ताह में 3 दिन सीधी सेवा मिलेगी।
Follow on Google News
इंदौर वंदे भारत का बढ़ेगा दायरा, अब बिलासपुर तक विस्तार का प्रस्ताव; बोर्ड की मंजूरी का इंतजार
इंदौर वंदे भारत का बढ़ेगा दायरा

इंदौर से नागपुर के बीच चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस को अब बिलासपुर तक बढ़ाने की तैयारी है। रेलवे ने ट्रेन नंबर 20911/20912 इंदौर-नागपुर वंदे भारत को बिलासपुर तक विस्तारित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्ताव को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक की मंजूरी मिल चुकी है। अब इसे लागू करने के लिए रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है। रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने के बाद इंदौर और बिलासपुर के बीच सप्ताह में तीन दिन सीधी वंदे भारत सेवा शुरू हो सकेगी। खास बात यह होगी कि वापसी में भी ट्रेन बिलासपुर से सीधे इंदौर आएगी। इससे मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बीच तेज रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।

नागपुर के बाद गोंदिया, दुर्ग होते हुए बिलासपुर जाएगी ट्रेन

प्रस्तावित समय-सारणी के मुताबिक इंदौर से वंदे भारत सुबह करीब 6:10 बजे रवाना होगी और दोपहर करीब 12:35 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन नागपुर से आगे गोंदिया, दुर्ग और अन्य निर्धारित स्टेशनों से होते हुए बिलासपुर पहुंचेगी। वापसी दिशा में बिलासपुर से ट्रेन सुबह करीब 6:45 बजे रवाना करने का प्रस्ताव है। यह ट्रेन दोपहर करीब 12:30 बजे नागपुर पहुंचेगी। इसके बाद नागपुर से इंदौर के लिए रवाना होकर रात करीब 9:15 बजे इंदौर पहुंचने का प्रस्ताव है। रेलवे के प्रस्तावित दस्तावेज के अनुसार, दोनों दिशाओं में ट्रेन के मौजूदा प्रमुख स्टॉपेज को बरकरार रखा जाएगा।

अतिरिक्त रैक की जरूरत नहीं पड़ेगी

प्रस्तावित विस्तार की खास बात यह है कि इसके लिए किसी अतिरिक्त रैक की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। रेलवे के अनुसार, बिलासपुर तक ट्रेन का विस्तार करने से नागपुर में रैक के ठहराव की जरूरत भी कम होगी। इससे मौजूदा संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए ट्रेन को आगे तक संचालित करने में मदद मिलेगी।

जून 2023 में शुरू हुई थी इंदौर-भोपाल वंदे भारत

इंदौर की वंदे भारत एक्सप्रेस का सफर जून 2023 में शुरू हुआ था। 27 जून 2023 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर-भोपाल वंदे भारत को हरी झंडी दिखाई थी। शुरुआत में ट्रेन नंबर 20911/20912 इंदौर और भोपाल के बीच संचालित होती थी। बाद में यात्रियों की मांग और बेहतर कनेक्टिविटी को देखते हुए अक्टूबर 2023 में इसका विस्तार नागपुर तक किया गया। इसके बाद इंदौर-नागपुर वंदे भारत सप्ताह में छह दिन चलने लगी और दोनों शहरों के बीच करीब 635 किलोमीटर की दूरी तय करती है।

ये भी पढ़ें: शहडोल जिला अस्पताल की छत से टपक रहा पानी, मरीजों ने खुद लगाए पानी रोकने के बर्तन

बिलासपुर तक पहुंचने पर 1052.78 किलोमीटर होगी दूरी

बिलासपुर तक विस्तार के बाद ट्रेन का सफर काफी लंबा हो जाएगा। रेलवे के प्रस्तावित दस्तावेज में इंदौर-बिलासपुर की दूरी 1052.78 किलोमीटर बताई गई है। यानी वंदे भारत इंदौर से चलकर मध्यप्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से होते हुए महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी और नागपुर व गोंदिया के बाद छत्तीसगढ़ के दुर्ग होते हुए बिलासपुर तक पहुंचेगी।

तीन राज्यों को जोड़ेगी वंदे भारत

बिलासपुर तक विस्तार होने के बाद यह वंदे भारत मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के बीच सीधी तेज रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन बन जाएगी। इससे इंदौर, उज्जैन, भोपाल, नागपुर, गोंदिया, दुर्ग और बिलासपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खास तौर पर इंदौर और आसपास के इलाकों से बिलासपुर जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा क्योंकि उन्हें नागपुर में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 19 सागौन लट्ठों से भरी पिकअप और बोलेरो जब्त

अभी रेलवे बोर्ड की मंजूरी का इंतजार

फिलहाल बिलासपुर तक विस्तार प्रस्तावित है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक से मंजूरी मिलने के बाद अब प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास है। बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद ही नई सेवा और इसकी अंतिम समय-सारणी को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी। मंजूरी मिलने पर इंदौर से बिलासपुर के बीच सप्ताह में तीन दिन सीधी वंदे भारत चलेगी, जबकि वर्तमान में इंदौर-नागपुर वंदे भारत सप्ताह में छह दिन संचालित हो रही है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts