19 सिंतबर को राहुल गांधी के सामने गूंजेगी निमाड़ के छात्रों की आवाज, चार जिलों के छात्र-युवाओं की बैठक में बनी रणनीति

इंदौर। शहर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में निमाड़ अंचल के चार जिलों से आए छात्र-युवाओं और कांग्रेस नेताओं की बैठक रविवार को नवलखा स्थित ऋतुराज मांगलिक भवन में हुई। बैठक में खरगोन, बड़वानी, खंडवा और बुरहानपुर से बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव एवं मध्यप्रदेश सह प्रभारी उषा नायडू ने की।
छात्रों को अपनी बात रखने का खुला अवसर दिया
कार्यक्रम समन्वयक और प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रवि जोशी ने बताया कि बैठक का उद्देश्य 19 सितंबर के मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देना और छात्रों की समस्याओं को एक मंच पर लाना था। बैठक में छात्रों को अपनी बात रखने का खुला अवसर दिया गया। इस दौरान युवाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, भर्ती प्रक्रिया में देरी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
राहुल गांधी तक पहुंचाएंगे समस्याएं
उषा नायडू ने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने छात्रों को बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से छात्रों के लिए विशेष लिंक और ई-मेल की व्यवस्था की गई है। छात्रों से अपील की गई कि वे परीक्षा, भर्ती और शिक्षा से जुड़ी अपनी समस्याओं को वीडियो और ई-मेल के माध्यम से भेजें, ताकि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले कार्यक्रम में इन मुद्दों को राहुल गांधी के सामने रखा जा सके।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में पूर्व मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, भीकनगांव विधायक झूमा सोलंकी, कसरावद विधायक सचिन यादव, भगवानपुरा विधायक केदार डावर, बड़वानी विधायक राजेंद्र मंडलोई सहित निमाड़ क्षेत्र के कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। खंडवा शहर कांग्रेस अध्य क्ष प्रतिभा रघुवंशी, ग्रामीण अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह, खरगोन विधानसभा प्रभारी ओम सिलावट, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी खरगोन के अध्यक्ष रवि नाईक ने किया। बैठक के अंत में 19 सितंबर के आयोजन में निमाड़ से अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस की बड़ी ट्रैक्टर रैली, हजारों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन




















