बेगमगंज में किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस की बड़ी ट्रैक्टर रैली, हजारों कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
बेगमगंज। किसानों की बर्बाद फसलों, फसल बीमा और मुआवजे समेत विभिन्न मांगों को लेकर बेगमगंज में कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में आयोजित आंदोलन में 300 से अधिक ट्रैक्टरों के साथ हजारों किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सागर रोड स्थित लोहामिल तिराहे से शुरू हुई ट्रैक्टर रैली मुख्य मार्ग से होते हुए दशहरा मैदान पहुंची, जहां बड़ी आमसभा आयोजित की गई। आमसभा के बाद कांग्रेस नेताओं ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम एसडीएम प्रियंका भलावी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
300 से ज्यादा ट्रैक्टरों के साथ निकली रैली
कांग्रेस जिला अध्यक्ष और विधायक देवेंद्र पटेल ने बताया कि खराब मौसम के कारण खरीफ सीजन में सोयाबीन, मक्का, धान समेत कई फसलों को भारी नुकसान हुआ है। इसके बावजूद प्रभावित किसानों को पर्याप्त मुआवजा और फसल बीमा का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए यह आंदोलन किया गया। कांग्रेस के मुताबिक प्रदर्शन में 300 से अधिक ट्रैक्टर और करीब 10 हजार से ज्यादा किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी लोग ट्रैक्टरों और पैदल मार्च के जरिए मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पहुंचे और इसके बाद दशहरा मैदान में एकत्र हुए। विधायक देवेंद्र पटेल ने कहा कि किसानों को पिछले वर्ष खराब हुई फसलों का फसल बीमा भी अब तक नहीं मिला है। कांग्रेस ने पिछले वर्ष के साथ इस साल हुए नुकसान का भी बीमा भुगतान और तत्काल मुआवजे की मांग की है।
प्रभावित गांवों में निष्पक्ष सर्वे की मांग
राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गांवों में फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की। ज्ञापन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का तत्काल लाभ किसानों को देने, वर्ष 2025 में खराब हुई खरीफ फसलों का लंबित बीमा भुगतान करने और फसल नुकसान के आकलन में पारदर्शिता बरतने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में सेटेलाइट सर्वे की व्यवस्था बंद कर पहले की तरह पारदर्शी तरीके से सर्वे कराने की मांग भी उठाई।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में टायर फटने से टिपर चालक की मौत, दो घायल; गर्म पहिया बदलते समय हुआ हादसा
खाद, बीज और बिजली की पर्याप्त व्यवस्था की मांग
किसानों की आगामी रबी फसल की तैयारी को देखते हुए कांग्रेस ने समय पर खाद, बीज और पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। नेताओं ने कहा कि किसानों को अगली फसल की बुआई के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान प्राकृतिक आपदा से बर्बाद हुई सोयाबीन और मक्का की फसलों के लिए पर्याप्त मुआवजा देने के साथ ही कृषि ऋण और बिजली बिल समेत सभी तरह की वसूली समाप्त करने की मांग भी उठाई गई।
शिवराज सिंह चौहान पर भी साधा निशाना
दशहरा मैदान में आयोजित आमसभा में कांग्रेस नेताओं ने किसानों की समस्याओं के साथ क्षेत्र के विकास को लेकर भी भाजपा सरकार और क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के हित और बेगमगंज क्षेत्र के विकास के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनसे इस्तीफा देने की मांग भी उठाई। आमसभा को मध्यप्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान, पूर्व विधायक एवं जिला प्रभारी शैलेन्द्र पटेल, विधायक देवेंद्र पटेल, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत सिंह रघुवंशी, राजा धर्मवीर शाह, राजेंद्र सिंह तोमर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सौरभ शर्मा, अभिषेक जैन, पार्षद राजेश यादव, कन्छेदी लाल शर्मा, प्यारे आकाश और जिला आईटी सेल अध्यक्ष आशीष यादव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया। नेताओं ने अपने संबोधन में किसानों की फसलों के नुकसान, बीमा भुगतान और मुआवजे का मुद्दा उठाते हुए सरकार से तत्काल राहत देने की मांग की।
ये भी पढ़ें: हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश, मास्टर एडमिन समेत 6 गिरफ्तार
भाजपा सरकार को हटाने का लिया संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर पार्टी आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। प्रदर्शन के अंत में विधायक देवेंद्र पटेल के नेतृत्व में किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन पवन दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष जाहर सिंह लोधी ने किया।
कांग्रेस ने प्रभावित किसानों के लिए फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर तत्काल पर्याप्त मुआवजा देने, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने, वर्ष 2025 की खराब खरीफ फसलों का लंबित बीमा भुगतान करने, फसल बीमा में सेटेलाइट सर्वे के बजाय पारदर्शी सर्वे व्यवस्था लागू करने तथा रबी सीजन के लिए पर्याप्त खाद, बीज और बिजली उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके अलावा कृषि ऋण और बिजली बिल सहित सभी वसूली समाप्त करने की मांग भी की गई है।






















