इंदौर दुग्ध संघ के प्लांट में मशीन ब्लास्ट, पेड़े तैयार कर रहे कर्मचारी की मौत, एक घायल

इंदौर। इंदौर दुग्ध संघ में सांची के पेड़े तैयार करने वाले प्लांट में गंभीर हादसा सामने आया है। प्लांट में मशीन फटने से टेक्नीशियन की मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया। अचानक हुए हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। मशीन में किस वजह से विस्फोट हुआ और हादसे के समय वहां किस तरह की तकनीकी प्रक्रिया चल रही थी, इसकी जांच की जा रही है।
पुरानी मशीनों में थी समस्याएं
लसूड़िया थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि हादसा शाम साढ़े पांच बजे हुआ। हादसे के बाद प्लांट में काम करने वाले कर्मचारियों से जुड़ी जानकारी में यह बात सामने आई है कि वहां लगी कुछ पुरानी मशीनों को लेकर लंबे समय से शिकायतें की जा रही थीं। दावा है कि कर्मचारियों ने छह महीने से जर्जर मशीनों को बदलने और उनकी जगह नई मशीनें लगाने की मांग प्रबंधन के सामने रखी थी। घटना में विनोद कुमार पिता बालमुकुंद चडार निवासी ग्राम गाडौली जागीर सागर की मौत हो गई। जबकि, तेजसिंह पिता सजन सिंह निवासी ब्रिटिश पार्क फेज 2 डाबली को गंभीर चोट आई है। मृतक और घायल लंबे समय से प्लांट पर काम कर रहे थे।
बार-बार शिकायतों के बावजूद ठीक नहीं की मशीनें
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद मशीनों को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारण का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
हादसे के बाद सामने आईं अंदर की तस्वीरें
घटना के बाद प्लांट के अंदर की कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें परिसर के कुछ हिस्सों में गंदगी और अस्वच्छता दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। तस्वीरों को लेकर अब खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया और प्लांट में साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। सांची ब्रांड के पेड़े और अन्य खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं के बीच शुद्धता और स्वच्छता महत्वपूर्ण मुद्दा है। ऐसे में प्लांट की अंदरूनी स्थिति से जुड़ी तस्वीरों के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की मांग भी उठ रही है।
सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
मशीन हादसे में कर्मचारी की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े हुए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों, मशीन की तकनीकी स्थिति और प्लांट की सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक हुई।
ये भी पढ़ें: पुरुष के पेट में गर्भाशय! 26 साल की उम्र में बांझपन की जांच के दौरान सामने आया हैरान करने वाला सच




















