इंदौर:खाना खाने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात कार ने मारी टक्कर

इंदौर के तेजाजी नगर में दोस्तों से मिलने जा रही 29 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। रास्ता भटकने पर दोस्तों को फोन किया था, लेकिन उनके पहुंचने से पहले अज्ञात कार ने टक्कर मार दी।
खाना खाने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत, अज्ञात कार ने मारी टक्कर
खाना खाने जा रही युवती की सड़क हादसे में मौत

शहर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय युवती की मौत हो गई। युवती अपने दोस्तों के साथ खाना खाने जा रही थी, लेकिन रास्ता भटक जाने के कारण उसने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी। दोस्त उसे लेने पहुंचते, उससे पहले ही एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दोस्तों को फोन कर बताया था कि रास्ता नहीं मिल रहा

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान साहिबा (29) निवासी महालक्ष्मी नगर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भोपाल की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से इंदौर में रहकर इवेंट मैनेजमेंट का काम कर रही थी। शनिवार रात वह एक्टिवा से अपने दोस्तों से मिलने जा रही थी। रास्ता नहीं मिलने पर उसने अपने दोस्त अंकुर को फोन किया। अंकुर ने उसे तेजाजी नगर बायपास स्थित अंडरपास के पास रुकने के लिए कहा और खुद उसे लेने निकल पड़ा।

फोन किसी और ने उठाया, तब हादसे की मिली जानकारी

कुछ देर बाद जब अंकुर ने दोबारा साहिबा को कॉल किया तो फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि साहिबा का एक्सीडेंट हो गया है और एक अज्ञात कार ने उसे टक्कर मार दी है। घटना की सूचना मिलते ही अंकुर और उसका दोस्त सहज मौके पर पहुंचे। दोनों पहले घायल साहिबा को गौरव अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे गंभीर हालत देखते हुए एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

एमवाय अस्पताल में डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन देर रात करीब तीन बजे साहिबा ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, मौत के बाद उसके दोस्त शव अस्पताल में छोड़कर चले गए।

ये भी पढ़ें: भोपाल: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- अब अलग तरह का नशा बढ़ रहा: कहा- पहले हर गली-चौराहे पर पान-सिगरेट की दुकानें थीं

भोपाल में रहने वाले परिजन सुबह तक नहीं पहुंचे

हादसे की सूचना पुलिस ने परिजनों को दी लेकिन रविवार सुबह तक भी परिवार का कोई सदस्य इंदौर नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि साहिबा का परिवार भोपाल में रहता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे से पहले उसने अपने भाई को भी फोन किया था, लेकिन उसने इंदौर आने से इनकार कर दिया। बाद में भाई ने दोस्तों पर भी सवाल उठाए हैं। सूत्रों के मुताबिक साहिबा पिछले कुछ समय से परिवार से अलग रह रही थी और उनका आपसी संपर्क भी काफी कम था।

ये भी पढ़ें: भोपाल में 'लव जिहाद'! इंस्टाग्राम पर 'कृष जैन' बनकर की युवती से दोस्त, नशीला प्रसाद खिलाकर ले गया दिल्ली, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस कर रही अज्ञात वाहन की तलाश

तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाली कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts