मां की मौत के बाद मासूम बेटा बोला- ‘पापा रावण हैं, मैं उन्हें मार दूंगा’

इंदौर। मनोरमागंज स्थित डाक कुंज कॉलोनी में डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। एक ओर पुलिस फरार आरोपी पति अखिलेश सैनी की तलाश में जुटी है, वहीं दूसरी ओर इस घटना ने परिवार के दो मासूम बच्चों की जिंदगी पूरी तरह बदल दी है। परिजनों के अनुसार, मां की हत्या के बाद दोनों बच्चे गहरे सदमे में हैं। बड़ी बेटी अपनी आंखों के सामने मां का खून से लथपथ शव देखने की घटना को भूल नहीं पा रही है, जबकि छोटा बेटा कभी मां को वापस लाने की जिद करता है तो कभी गुस्से में अपने पिता को "रावण" कहकर उन्हें सजा देने की बात कहता है। मासूम की यह बात सुनकर परिवार के लोग भी भावुक हो जाते हैं।
ये भी पढ़ें: वियतनाम नाव हादसा: छुट्टियां मनाने गए थे, ताबूत में लौटे! आज रात मुंबई पहुंचेंगे 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर
वारदात से पहले बनाई थी पूरी योजना
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अखिलेश सैनी कथित तौर पर पूरी तैयारी के साथ घर पहुंचा था। जांच के अनुसार उसने पहले एक बड़ा चाकू खरीदा, फिर दोनों बच्चों के स्कूल जाने का इंतजार किया। घर में पत्नी के अकेले होने पर उसने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी सीधे बेटी के स्कूल पहुंचा। वहां उसने बेटी को कुछ जरूरी सामान और एटीएम कार्ड सौंपते हुए भोपाल जाने की बात कही तथा दोनों बच्चों को मौसी के घर चले जाने के लिए कहा। जब बेटी घर पहुंची तो टीवी तेज आवाज में चल रहा था। लिविंग रूम में मां खून से लथपथ पड़ी थीं। यह दृश्य देखकर वह घबरा गई और परिजनों को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: पहली बारिश में बहा दो करोड़ का स्टॉप डैम: सज्जन वर्मा ने सिलावट पर साधा निशाना
हत्या से पहले भाई को किया था फोन
परिजनों के मुताबिक, घटना से कुछ मिनट पहले उर्मिला ने अपने भाई मनोज मालाकार को फोन किया था। उर्मिला ने कहा था कि किसी भी स्थिति में वकील से बात करा दी जाए और उन्हें कार्यालय भेज दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहतीं। उस समय परिवार ने इसे सामान्य पारिवारिक विवाद समझा, लेकिन कुछ ही देर बाद हत्या की सूचना मिलने से सभी स्तब्ध रह गए।
ये भी पढ़ें: जीतू पटवारी के भाई नाना की बढ़ी मुश्किले: महिला मित्र ने लगाया लाखों की धोखाधड़ी का आरोप
15 वर्षों से विवादों में था दांपत्य जीवन
परिवार का कहना है कि वर्ष 2011 में विवाह के बाद से ही अखिलेश सैनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होते थे। उर्मिला ने अलग-अलग समय पर महिला थाना, जूनी इंदौर थाना और भोपाल में भी शिकायतें दर्ज कराई थीं। हालांकि हर बार आरोपी माफी मांग लेता था और बच्चों के भविष्य को देखते हुए उर्मिला समझौता कर लेती थीं। परिजनों का आरोप है कि आरोपी पत्नी के मोबाइल और गतिविधियों पर लगातार नजर रखता था तथा बिना किसी ठोस आधार के उन पर संदेह करता था। यही वजह थी कि दांपत्य जीवन लंबे समय से तनावपूर्ण बना हुआ था।
ये भी पढ़ें: तेज रफ्तार कार ने परिवार की खुशियां छीनी: मां की गोद से उछली पांच साल की मासूम की मौत
धमकियां भी देता था आरोपी
परिजनों ने पुलिस को बताया कि आरोपी कई बार उर्मिला को जान से मारने की धमकी देता था। वह अपने एक रिश्तेदार के पुराने हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहता था कि हत्या करने पर भी ज्यादा सजा नहीं होती और वह जेल से बाहर आ जाएगा। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसके व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
ये भी पढ़ें: देश में फिर लौटा कोरोना! 3 राज्यों में मिले 10 एक्टिव केस, सरकार ने जारी की सख्त गाइडलाइन
आरोपी की तलाश में चार पुलिस टीमें
एसीपी नीति दंडोतिया ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई गई हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के बाद वह पैदल ही मौके से निकला और ऐसे रास्तों का इस्तेमाल किया जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। हालांकि बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में उसकी गतिविधियों के कुछ सुराग मिले हैं। पुलिस लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उर्मिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है, जबकि आरोपी के परिजनों से भी पूछताछ जारी है।












