Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

तेज रफ्तार कार ने परिवार की खुशियां छीनी: मां की गोद से उछली पांच साल की मासूम की मौत

नेमावर रोड ब्रिज पर हिट एंड रन; बाइक को पीछे से मारी टक्कर, आरोपी चालक फरार, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
 मां की गोद से उछली पांच साल की मासूम की मौत
प्रतीकात्मक चित्र

इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने माता-पिता के साथ बाइक से महू के पास रिश्तेदार के यहां कथा में शामिल होने जा रही थी। मां की गोद में बैठी बच्ची को पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने ऐसी टक्कर मारी कि वह करीब 10 फीट दूर जाकर गिरी। पसलियां टूटने और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें: 'जवाब मिलेगा'... अमेरिकी हमले के बाद ईरान की खुली धमकी, तेल के दामों में बड़ा उछाल

तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के मुताबिक हादसा सुबह करीब 11.45 बजे नेमावर रोड ब्रिज के पास हुआ। न्यू द्वारकापुरी निवासी राहुल भंवर अपनी पत्नी कविता और दो बेटियों के साथ बाइक से महू की ओर जा रहे थे। राहुल पेशे से पेंटर है। उसकी पांच वर्षीय बेटी दिशा मां कविता की गोद में बैठी थी। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई कार ने बाइक को टक्कर मार दी।

ये भी पढ़ें: बैंकॉक के पब में भीषण आग: 27 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल, टॉयलेट में मिले कई अधजले शव

टक्कर लगते ही राहुल और कविता सड़क पर गिर पड़े, जबकि दिशा उछलकर बाइक से करीब 10 फीट आगे जा गिरी। हादसे में उसके सिर, पसलियों और हाथ में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि बच्ची की कई पसलियां टूट गई थीं और सिर में भी गहरी चोट आई थी।

ये भी पढ़ें: Peoples Update Special : भोपाल में मेट्रो निर्माण कार्य को लेकर लोगों की बढ़ी मुसीबतें, कमर, पीठ, गर्दन और कंधे के दर्द के मरीज तेजी से बढ़ें

आठ माह की मासूम बाल-बाल बची

राहुल ने बताया कि उसकी आठ माह की छोटी बेटी द्रशिका बाइक के आगे बैठी थी। टक्कर के बाद वह भी सड़क पर गिर गई। कार का पहिया उसके सिर के बेहद करीब से निकल गया, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से बच गई। हादसे के बाद बच्ची की मां कविता सदमे में बेहोश हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts