Indore News : मोहसिन खान की शूटिंग एकेडमी पर लगा नोटिस, नगर निगम कर रही खानापूर्ति

इंदौर। गैंगरेप, यौन शोषण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों में आरोपी मोहसिन खान की संपत्तियों पर नगर निगम द्वारा की जा रही कार्रवाई सवालों के घेरे में है। नगर निगम ने लगातार जानकारी जुटाने के बाद 23 मई को अन्नपूर्णा रोड स्थित ओलंपिक राइफल एसोसिएशन एकेडमी पर एक नोटिस चस्पा किया था। यह एकेडमी मोहसिन खान की बताई जा रही है।
हालांकि, नोटिस लगाए जाने के 6 दिन बाद तक मोहसिन खान या उसके परिवार की ओर से कोई जवाब नहीं आया है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा अब तक आगे की कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे स्पष्ट होता है कि निगम की यह कार्रवाई केवल औपचारिकता तक ही सीमित रही है।
हर दिन हो रहे नए खुलासे, फैजान की तलाश जारी
अन्नपूर्णा पुलिस ने लव जिहाद और यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार मोहसिन खान के खिलाफ लगातार नए-नए खुलासे किए हैं। मंगलवार देर रात पुलिस ने मोहसिन के भाई इमरान खान को गिरफ्तार किया, जबकि उसके एक अन्य साथी फैजान की तलाश में खजराना, टाटपट्टी बाखल, मल्हारगंज और अन्य स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह हाथ नहीं आया। पूछताछ में इमरान खान ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उसका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं है।





















