बिजनेस वीजा पर आई नाइजीरियन महिला के बैग में मिली 29 लाख की कोकीन:इंदौर में ऐसे पकड़ी गई

इंदौर। नशे के कारोबार के खिलाफ इंदौर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चंदन नगर पुलिस ने एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 29 लाख रुपये कीमत की 57.18 ग्राम कोकीन बरामद की है। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर मुंबई से इंदौर तक फैली ड्रग सप्लाई चेन और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल के अनुसार, त्यौहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को आईटी पार्क के सिंहासा क्षेत्र में एक विदेशी महिला संदिग्ध परिस्थितियों में काले रंग का बैग लेकर खड़ी दिखाई दी।
सवालों के जवाब नहीं दे सकी महिला
पुलिस ने महिला को रोककर उससे पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद संदेह होने पर नियमानुसार उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग में रखी एक पारदर्शी प्लास्टिक की थैली से कोकीन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें: नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए बन गया ऑटो चोर! चार थानों से उड़ाए तीन पहिया वाहन
57 ग्राम से ज्यादा कोकीन बरामद
पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान इम्यूनल जॉय, निवासी लेगोस, नाइजीरिया के रूप में बताई है। वह वर्तमान में मुंबई के बांद्रा ईस्ट क्षेत्र में रह रही थी। महिला के कब्जे से 57.18 ग्राम कोकीन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 29 लाख रुपये बताई जा रही है, बरामद की गई है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
ये भी पढ़ें: भोपाल: खराब सड़कों से परेशान रहवासी सड़कों पर उतरे, कटारा हिल्स में नगर निगम का पुतला फूंका
बिजनेस वीजा पर भारत आने का दावा
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह 14 अगस्त 2026 को बिजनेस वीजा पर भारत आई थी और उसे फरवरी 2027 तक भारत में रहने की अनुमति थी। महिला का कहना है कि वह मुंबई के बांद्रा इलाके में अपनी बहन के साथ हेयर सैलून में काम करती है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कम कीमत पर कोकीन खरीदकर उसे अधिक दामों में बेचने और जल्दी पैसा कमाने के उद्देश्य से नशे के कारोबार में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
ये भी पढ़ें: भाई को बचाने एक के बाद एक कुंड में कूदीं 3 बहनें, चारों की डूबने से मौत; राजस्थान में दर्दनाक हादसा
मुंबई से इंदौर तक नेटवर्क की जांच
चंदन नगर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। अब पुलिस महिला के पासपोर्ट, वीजा और इमिग्रेशन रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। साथ ही भारत में उसके प्रवेश और यात्रा से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।




















