भाई को बचाने एक के बाद एक कुंड में कूदीं 3 बहनें, चारों की डूबने से मौत; राजस्थान में दर्दनाक हादसा

राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कुंड में डूब रहे भाई को बचाने के लिए उसकी तीन बहनें भी पानी में कूद गईं। देखते ही देखते चारों गहरे पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा धौलपुर जिले के आंगई थाना इलाके के धौंध बिरजा गांव के पास हुआ। मृतकों में 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि, उसकी बहनें 30 वर्षीय मनोरमा और 36 वर्षीय बोटो, जबकि 21 वर्षीय निशा शामिल हैं।
हीरामन बाबा मंदिर दर्शन के लिए पहुंचा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, नथुआपुरा गांव का एक परिवार रक्षाबंधन पर्व के बाद पड़ने वाली दौज के मौके पर धौंध बिरजा गांव के पास स्थित लोक देवता हीरामन बाबा मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। परिवार के लोग मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे। इसी दौरान 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि पुत्र लायक सिंह कुंड में नहाने चला गया। बताया जा रहा है कि वह कुंड के किनारे मोबाइल फोन से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
भाई को डूबता देख तीनों बहनें कुंड में कूदीं
जब तीनों बहनों को भाई दिखाई नहीं दिया तो वे कुंड की तरफ पहुंचीं। वहां उन्होंने भोलू को गहरे पानी में डूबते देखा। भाई को बचाने के लिए मनोरमा, बोटो और चचेरी बहन निशा ने एक के बाद एक कुंड में छलांग लगा दी। लेकिन कुंड में पानी काफी गहरा था। भाई को बचाने की कोशिश में तीनों बहनें भी पानी में डूब गईं। देखते ही देखते चारों की जान चली गई।
पुलिस और SDRF की टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरमथुरा थाना प्रभारी कृपाल सिंह और आंगई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और SDRF की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों बहनों के शव कुंड से बाहर निकाले गए। वहीं, भोलू का शव निकालने में कई घंटे लग गए। पुलिस ने चारों शवों को रेस्क्यू कर सरमथुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। परिजनों की मौजूदगी में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिवार को सौंप दिए गए। बाद में चारों का अंतिम संस्कार किया गया।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर से धौंध बिरजा और नथुआपुरा गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक भाई और बहन रक्षाबंधन का पर्व मनाने अपने रिश्तेदारी में नथुआपुरा गांव आए थे। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय मनोरमा पुत्री लायक सिंह गुर्जर निवासी मौहारी ताजपुर, 36 वर्षीय बोटो पुत्री लायक सिंह निवासी रामरतन का पुरा, 21 वर्षीय निशा पुत्री भवूती निवासी नथुआपुरा और 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि पुत्र लायक सिंह निवासी नथुआपुरा के रूप में हुई है।
परिजन ने बताई हादसे की पूरी कहानी
परिजन विमल सिंह गुर्जर ने बताया कि उसके पास फोन आया कि उसकी मौसी का लड़का तालाब में डूब गया है। उसको बचाने के लिए बड़ी मौसी की दो बेटियां और एक अन्य परिवार की लड़की पहुंची। जहां वो भी तालाब में लड़के को बचाने कूद गईं। जिसमें डूबने से चारों की मौत हो गई। पुलिस अब हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस कुंड में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। घटना के बाद एक बार फिर कुंड की सुरक्षा और वहां मौजूद संभावित खतरों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।












