नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए बन गया ऑटो चोर! चार थानों से उड़ाए तीन पहिया वाहन

इंदौर। वाहन चोरी के खिलाफ चंदन नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर ऑटो चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के चार तीन पहिया ऑटो रिक्शा बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय फरीद पिता चांद खान निवासी असरफी नगर, खजराना के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में सनावद में रह रहा था।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली थी। इसके बाद चंदन नगर पुलिस ने स्कीम नंबर 71 स्थित झोपड़पट्टी के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चंदन नगर, आजाद नगर और जूनी इंदौर थाना क्षेत्रों से चार ऑटो रिक्शा चोरी करने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चारों चोरी के ऑटो रिक्शा बरामद कर लिए।
नशे की लत और कर्ज के लिए करता था चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ खजराना, आजाद नगर, चंदन नगर और जूनी इंदौर थाना क्षेत्रों में पहले से करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की लत पूरी करने और कर्ज चुकाने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस उससे अन्य वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी के अन्य वाहन और वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।




















