Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अमेरिका में भारतीयों का जलवा! रंजीव पुरी बने मिशिगन हाउस के स्पीकर, ज्योत सिंह और नित्या रमन ने भी रचा इतिहास

अमेरिका में 3 नवंबर को हुए चुनावों में भारतीय मूल के कई नेताओं ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। रंजीव पुरी मिशिगन हाउस के स्पीकर चुने गए, जबकि ज्योत सिंह जॉर्जिया की विधानसभा पहुंचने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने। वहीं, नित्या रमन ने लॉस एंजिलिस के मेयर पद का चुनाव जीतकर दक्षिण एशियाई समुदाय के लिए नया इतिहास बनाया है।
अमेरिका में भारतीयों का जलवा! रंजीव पुरी बने मिशिगन हाउस के स्पीकर, ज्योत सिंह और नित्या रमन ने भी रचा इतिहास
अमेरिका में भारतीय नेताओं ने रचा नया इतिहास

वॉशिंगटन। अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनाव के नतीजों ने भारतीय मूल के लोगों की राजनीतिक भागीदारी को नई पहचान दी है। इस बार कई भारतवंशी नेताओं ने अलग-अलग राज्यों में चुनाव जीतकर महत्वपूर्ण पद हासिल किए हैं। मिशिगन में रंजीव पुरी को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का स्पीकर चुना गया है। जॉर्जिया में ज्योत सिंह ने पहली बार सिख-अमेरिकी विधायक बनकर इतिहास बनाया है। वहीं, लॉस एंजिलिस में नित्या रमन मेयर चुनी गई हैं।

रंजीव पुरी ने मिशिगन में हासिल की बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय मूल के डेमोक्रेट नेता रंजीव पुरी की जीत इस चुनाव की सबसे खास खबरों में शामिल है। 42 वर्षीय पुरी को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का स्पीकर चुना गया है। वह इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। उनके माता-पिता पंजाब से अमेरिका गए थे। पुरी ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए उन सभी साथियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया। रंजीव पुरी का राजनीतिक सफर भी काफी खास रहा है। साल 2020 में वह मिशिगन हाउस के लिए चुने जाने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने थे। इसके बाद 2025 में उन्हें सदन में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता बनाया गया। उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के 2008 और 2012 के चुनाव अभियानों में भी काम किया था। राजनीति में आने से पहले पुरी ने कारोबार के क्षेत्र में काम किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह मिशिगन लौटे और ऑटोमोबाइल उद्योग से जुड़े।

अमेरिका ने  भारतीय कंपनियों पर लगाए प्रतिबंध, ईरानी तेल कारोबार में फर्जी दस्तावेजों का आरोप,  तुर्किये भी निशाने पर

ज्योत सिंह बने जॉर्जिया के पहले सिख-अमेरिकी विधायक

इस चुनाव में ज्योत सिंह ने भी अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने जॉर्जिया हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के डिस्ट्रिक्ट-97 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ वह जॉर्जिया की राज्य विधानसभा में पहुंचने वाले पहले सिख और पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं। ज्योत सिंह ने तीन नवंबर को हुए चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के रूप में हिस्सा लिया था। उन्हें 13,820 वोट मिले, जबकि उनके रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी यासीन मोगाजी को 6,509 वोट मिले। ज्योत सिंह ने येल यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है। जीत के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने समर्थकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके इलाके के लोगों ने मिलकर इतिहास बनाया है।

नित्या रमन बनीं लॉस एंजिलिस की पहली दक्षिण एशियाई मेयर

भारतीय मूल की नित्या रमन ने भी अमेरिका में बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने लॉस एंजिलिस के मेयर पद के चुनाव में मौजूदा मेयर करेन बास को हराया। इस जीत के साथ वह शहर की पहली दक्षिण एशियाई मेयर बन गई हैं। 45 वर्षीय नित्या रमन पहले लॉस एंजिलिस सिटी काउंसिल की सदस्य थीं। केरल में जन्मीं नित्या रमन ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की और बाद में MIT से उच्च शिक्षा हासिल की। वह शहरी विकास और लोगों की बुनियादी जरूरतों से जुड़े मुद्दों पर काम करती रही हैं। अपने चुनाव अभियान में उन्होंने लोगों के लिए सस्ते घर, बेहतर सड़कें, सार्वजनिक परिवहन और सुरक्षित मोहल्ले बनाने पर जोर दिया था। उन्होंने शहर में बेघर लोगों की समस्या को कम करने और सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने की बात भी कही। जीत के बाद नित्या रमन ने सोशल मीडिया पर लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वह शहर के लोगों का भरोसा जीतने और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए काम करेंगी।

पेंटागन CTO का बड़ा खुलासा, ड्रोन युद्ध के लिए तैयार नहीं था अमेरिका, यूक्रेन ने खुद बनाई तकनीक, US के पास 5 लाख ड्रोन

कई अन्य भारतीय मूल के नेताओं को भी मिली जीत

अमेरिका के इन चुनावों में रंजीव पुरी, ज्योत सिंह और नित्या रमन के अलावा भी कई भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। फ्लोरिडा की पिया दांडिया और एरिजोना के अमीश शाह ने अमेरिकी कांग्रेस में जगह बनाई है। इसके अलावा मनोज चौरसिया न्यू हैम्पशायर स्टेट हाउस के लिए दोबारा चुने गए हैं। दर्शना पटेल ने कैलिफोर्निया विधानसभा में अपनी सीट बरकरार रखी है। मिनेसोटा में डॉ. कृष्ण सुब्रह्मण्यन ने स्टेट सीनेट का चुनाव जीता है। मैरीलैंड की लेफ्टिनेंट गवर्नर अरुणा मिलर भी दोबारा चुनी गई हैं। वहीं, नबीला सैयद ने इलिनॉय स्टेट सीनेट और सबा हैदर ने इलिनॉय स्टेट हाउस का चुनाव जीता है। टेक्सास में पूजा सेठी ने भी जीत दर्ज कर राज्य की राजनीति में अपनी जगह बनाई है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts