अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित, नोमान अशरफ अध्यक्ष और नशरा नईम बनीं उपाध्यक्ष

अलीगढ़। मोहम्मद हमदान ने सचिव पद पर जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के लिए नोमान अशरफ को 7,797 वोट मिले और उन्होंने मोहम्मद इंतखाब को हराया। चुनाव के नतीजों के साथ ही यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ की वापसी हो गई है। अब छात्रसंघ अध्यक्ष के कार्यालय के ताले भी खुल सकेंगे।
नोमान अशरफ बने छात्रसंघ अध्यक्ष, 7,797 वोट मिले
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ ने जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 7,797 वोट मिले। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतखाब को हराकर अध्यक्ष पद अपने नाम किया।
ये भी पढ़ें: दिल्ली दंगा मामला: उमर खालिद और शरजील इमाम ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, जमानत की लगाई गुहार
नशरा नईम बनीं छात्रसंघ की पहली महिला उपाध्यक्ष
फ्रेटरनिटी मूवमेंट की राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की सदस्य और लॉ की छात्रा नशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। इसके साथ ही वह एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बन गई हैं।
मोहम्मद हमदान को सचिव पद की जिम्मेदारी
छात्रसंघ चुनाव में मोहम्मद हमदान ने सचिव पद पर जीत दर्ज की है। इस तरह अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के पदों पर नए प्रतिनिधियों का चुनाव हो गया है। आठ साल बाद छात्रसंघ की वापसी से यूनिवर्सिटी में छात्र राजनीति फिर सक्रिय होगी।
स्पीच के आधार पर जीत का फैसला करने की है परंपरा
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की एक खास परंपरा है। यहां बेहतर भाषण देने वाले उम्मीदवार को जीत का मजबूत दावेदार माना जाता है। गुरुवार रात को हुई फाइनल स्पीच में अलग-अलग उम्मीदवारों ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी थी। इसके बाद शुक्रवार को मतदान कराया गया।
13 मतदान केंद्रों पर करीब 22 हजार छात्रों ने किया मतदान
एएमयू छात्रसंघ चुनाव के लिए यूनिवर्सिटी में कुल 13 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 5 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। इस दौरान करीब 22 हजार छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान के लिए पांच अलग-अलग रंगों के मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया, जिनके जरिए छात्रों ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट दिया।
शाम 7 बजे शुरू हुई मतगणना
मतदान पूरा होने के बाद शाम 7 बजे एनआरएससी क्लब में मतगणना शुरू की गई। चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए 9, उपाध्यक्ष पद के लिए 7 और सचिव पद के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में थे। बता दें कि छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर पिछले दिनों छात्रों ने कई दिनों तक प्रदर्शन किया था। अब नतीजे आने के बाद यूनिवर्सिटी को नई छात्रसंघ इकाई मिल गई है।




















