Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर दबोचे: शहर में सप्लाई की थी तैयारी

कनाड़िया बायपास पर ग्राहकों को सप्लाई देने पहुंचे थे आरोपी, 22.34 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त; सप्लायर और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच।
 शहर में सप्लाई की थी तैयारी
क्राइम ब्रांच कि गिरफ्त में दो आरोपी

इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी कनाड़िया बायपास स्थित सर्विस रोड पर ग्राहकों को नशे की खेप पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस ने इनके कब्जे से 22.34 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.20 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उनसे ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

 

क्राइम ब्रांच के अनुसार पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शनिवार को टीम शहर में संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने पर कनाड़िया बायपास स्थित स्टोन अर्थ के समीप सर्विस रोड पर घेराबंदी की गई। यहां दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 22.34 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) बरामद हुई।

ये भी पढ़ें: ड्रग्स जांच में नाना पटवारी से दूसरी बार लंबी पूछताछ: ड्रग्स पैडलरों से कराया आमना-सामना

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मोहम्मद हसन (26) पिता मोहम्मद याकूब निवासी लोहारपट्टी कॉलोनी, खजराना तथा साहिल खान (43) पिता अनवर खान निवासी लोहारपट्टी कॉलोनी, खजराना के रूप में बताई। दोनों वेल्डिंग का काम करते हैं। जब पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अपराध क्रमांक 102/2026 दर्ज किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इंदौर शहर में नशे के आदी लोगों को अधिक कीमत पर एमडी ड्रग्स बेचने की तैयारी में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप उन्हें किस सप्लायर ने उपलब्ध कराई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: ईरान ने बंद किया होर्मुज स्ट्रेट : कई सैन्य ठिकानों पर अमेरिका ने किए हवाई हमले, तेल और गैस सप्लाई पर फिर संकट गहराया

103 तस्करों तक पहुंच चुकी क्राइम ब्रांच

क्राइम ब्रांच के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 11 जुलाई 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 48 प्रकरणों में 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस अवधि में पुलिस ने 22.635 किलोग्राम एमडी ड्रग्स, 24.838 किलोग्राम गांजा, 500 किलोग्राम भांग, 256.08 ग्राम ब्राउन शुगर और 10 ग्राम कोकीन सहित करीब 2 करोड़ 79 लाख 13 हजार रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि शहर में ड्रग्स तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Hemant Nagle
By Hemant Nagle

हेमंत नागले | पिछले बीस वर्षों से अधिक समय से सक्रिय पत्रकारिता में हैं। वर्ष 2004 में मास्टर ऑफ जर्...Read More

Latest Posts