पोलोग्राउंड पर ड्रग्स डील:साइड बैग में छुपाकर ला रहे थे 5 लाख MD ड्रग्स

इंदौर क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर-जिला ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 54.11 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम ने यह कार्रवाई पोलोग्राउंड चौराहे के पास आमरोड़ तिलकपथ क्षेत्र में की। पुलिस को गश्त के दौ रान दो युवक संदिग्ध अवस्था में साइड बैग लेकर सड़क किनारे खड़े दिखाई दिए। टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम नावेद खान और फरहान खान निवासी नागदा, जिला उज्जैन बताए। तलाशी लेने पर उनके बैग से पारदर्शी पन्नियों में रखा भूरे रंग का दरदरा पदार्थ मिला, जिसकी पहचान एम.डी. ड्रग्स के रूप में हुई।
आरोपियों से यह माल हुआ जब्त
- 54.11 ग्राम एम.डी. ड्रग्स
- नावेद खान से 21.94 ग्राम (कीमत लगभग ₹2.19 लाख)
- फरहान खान से 32.17 ग्राम (कीमत लगभग ₹3.21 लाख)
- वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
- ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन
- दो साइड बैग
कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
और पढ़ें: हनी ट्रैप: “मुंह खोला तो सियासत मिट्टी में मिल जाएगी..‘तोड़बट्टा गैंग’ के सुराग से सनसनी
पुलिस के मुताबिक आरोपी नावेद ऑटो ड्राइवर है और 11वीं तक पढ़ा है, जबकि फरहान कपड़े की दुकान पर दिहाड़ी पर काम करता है और 9वीं तक शिक्षित है। दोनों नागदा क्षेत्र से इंदौर में ड्रग्स सप्लाई करने आए थे और ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे। क्राइम ब्रांच ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0076/2026 के तहत धारा 8/22 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
क्राइम ब्रांच के अनुसार 1 जनवरी 2026 से अब तक मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 35 प्रकरणों में 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें कई बैक्ट्रैक आरोपी भी शामिल हैं।












