Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

'स्वीट मनी' से धोखा :इंस्टाग्राम पर लोन ऐप डाउनलोड करना पड़ा महंगा, व्यापारी से 1.36 रुपए लाख की ठगी

इंदौर में इंस्टाग्राम पर लोन ऐप डाउनलोड करना एक व्यापारी को महंग पड़ गया। ठगों ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर व्यापारी से 1.36 लाख रुपए ठग लिया। व्यापारी की शिकायत पर बाणगंगा पुलिस ने जांच शुरू की है।
इंस्टाग्राम पर लोन ऐप डाउनलोड करना पड़ा महंगा, व्यापारी से 1.36 रुपए लाख की ठगी
AI Image

इंदौर। शहर के एक फुटकर व्यापारी के साथ ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर दिखाई दिए एक लोन ऐप के विज्ञापन पर क्लिक कर लोन लेना व्यापारी को भारी पड़ गया। आरोपियों ने पहले आसान लोन देने का झांसा दिया और बाद में फोटो व निजी डाटा वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए वसूल लिए। मामले में बाणगंगा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आधार, पैन कार्ड और बैंक खातों की जानकारी मांगी 

पुलिस के मुताबिक राहुल गिरी बुधवार को शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। राहुल ने बताया कि फरवरी महीने में उन्हें निजी जरूरत के लिए पैसों की आवश्यकता थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उन्हें 'स्वीट मनी' नाम के लोन ऐप का विज्ञापन दिखाई दिया। लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्होंने ऐप डाउनलोड कर लिया। एप डाउनलोड करने के बाद आरोपियों ने उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक खाते की जानकारी मांगी।

चार हजार रुपए ट्रांसफर भी किए

जानकारी साझा करने के कुछ समय बाद उनके खाते में करीब 4 हजार रुपए लोन के रूप में ट्रांसफर कर दिए गए। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार वॉट्सएप कॉल और मैसेज आने लगे। आरोपी लोन की रकम कई गुना बढ़ाकर वसूली करने लगे। राहुल ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने धमकाना शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें: सीधी : पुरानी रंजिश के चलते महिला की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, चक्काजाम

ब्लैकमेल करने लगे बदमाश 

उन्होंने कहा कि मोबाइल से प्राप्त फोटो, कॉन्टैक्ट और अन्य डाटा उनके पास मौजूद है। रुपए नहीं देने पर फोटो एडिट कर रिश्तेदारों और परिचितों को वायरल करने धमकी दी गई। डर और बदनामी के भय से राहुल ने आरोपियों द्वारा बताई गई अलग-अलग यूपीआई आईडी पर करीब 1 लाख 36 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपियों की मांगें बंद नहीं हुईं।

रिश्तेदारों को भेज दिए एडिट किए फोटो

आरोपियों ने राहुल के रिश्तेदारों और परिचितों को एडिट किए हुए फोटो भेजना भी शुरू कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर राहुल ने अपना मोबाइल तक फॉर्मेट कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को आधा दर्जन से ज्यादा यूपीआई आईडी और अन्य तकनीकी जानकारी सौंपी है, जिनके जरिए रकम ट्रांसफर की गई थी। राहुल ने पहले क्राइम ब्रांच की साइबर यूनिट में शिकायत की थी। प्रारंभिक जांच के बाद बाणगंगा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: Heatwave Alert: गर्मियों में हार्ट मरीजों के लिए क्यों बढ़ जाता है खतरा ? जानिए डॉक्टर की सलाह

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts