ये क्या...अर्शदीप ने बना डाला सात वाइड गेंद फेंकने का रिकॉर्ड, इस खिलाड़ी की कर ली बराबरी

मुल्लांपुर। भारतीय तेज़ गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 मुकाबले में एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उन्होंने एक ओवर में कुल 13 गेंदें फेंककर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान के नवीन-उल-हक के रिकॉर्ड की बराबरी कर दी।
सात वाइड, कुल 18 रन
जहां पहले टी20 मैच में अर्शदीप की गेंदबाजी काफ़ी प्रभावी रही थी, वहीं दूसरे मैच में वह अपनी लय बनाए नहीं रख सके। दक्षिण अफ्रीका की पारी का 11वां ओवर करने आए अर्शदीप ने इस ओवर में 7 वाइड फेंकी और कुल 18 रन दे डाले। एक ओवर में 13 गेंदें डालना टी20 आई में किसी पूर्णकालिक अंतरराष्ट्रीय टीम के गेंदबाज द्वारा संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा है। इससे पहले, अफगानिस्तान के नवीन-उल-हक ने भी 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ओवर में 13 गेंदें फेंकी थीं।
जब गौतम गंभीर गुस्साए
अर्शदीप की पहली गेंद पर ही छक्का पड़ गया। इसके बाद उन्होंने दो वाइड गेंद फेंकी। इसके बाद फेंकी गेंद पर कोई रन नहीं बना। फिर अर्शदीप ने लगातार चार वाइड गेंद फेंकी। इस पर ड्रेसिंग रूम में बैठे मुख्य कोच गौतम गंभीर भी गुस्सा हो गए। तीसरी गेंद पर एक रन, चौथी पर दो रन और पांचवीं गेंद पर एक रन आया। अर्शदीप ने फिर वाइड फेंकी। अंत में छठी गेंद पर एक रन बना।
भारत की पारी लड़खड़ाई
दक्षिण अफ्रीका ने 20 ओवर में 214 रनों का लक्ष्य भारत को दिया। इसके जवाब में भारतीय पारी की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में शुभमन गिल कैच आउट हो गए। गिल खाता भी नहीं खोल सके। दूसरा विकेट अभिषेक शर्मा के रूप में गिरा। अभिषेक शर्मा ने 8 बॉल पर 17 रन बनाए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव भी जल्दी आउट हो गए। इस तरह 32 रन के स्कोर पर भारतीय टीम के तीन विकेट गिर गए। सूर्यकुमार सिर्फ पांच रन बना सके।




















