Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पैरा एशियन गेम्स में भारत का पांचवां गोल्ड, दीप्ति जीवनजी ने रिकॉर्ड के साथ जीता सोना; खाते में 23 मेडल

पैरा एशियन गेम्स में दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर T20 दौड़ में रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता। भारत के कुल 23 मेडल हुए, जानिए मनीष नरवाल समेत अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन।
पैरा एशियन गेम्स में भारत का पांचवां गोल्ड, दीप्ति जीवनजी ने रिकॉर्ड के साथ जीता सोना; खाते में 23 मेडल

नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को एथलीट दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर T20 दौड़ में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को पांचवां स्वर्ण पदक दिलाया। उन्होंने 56.36 सेकेंड में रेस पूरी कर नया गेम्स रिकॉर्ड भी बनाया। भारत अब तक कुल 23 मेडल जीत चुका है। इनमें एथलेटिक्स में चार गोल्ड और शूटिंग में एक गोल्ड शामिल है।

दीप्ति जीवनजी ने लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड

तेलंगाना की रहने वाली 23 वर्षीय दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर T20 दौड़ में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने पिछले संस्करण यानी 2022 में 56.59 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन में 0.23 सेकेंड का सुधार किया और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इस स्पर्धा में जापान की नीना कानो ने सिल्वर और अकारी काटो ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। दीप्ति इससे पहले दो बार पैरा वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीत चुकी हैं। उन्होंने 2024 में गोल्ड मेडल भी हासिल किया था। वह इसी स्पर्धा में पैरालिंपिक ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं। T20 कैटेगरी में शामिल खिलाड़ियों को जानकारी समझने, ध्यान केंद्रित करने और रेस की योजना बनाने में चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

मनीष नरवाल ने शूटिंग में जीता सिल्वर

भारतीय शूटर मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। आठ खिलाड़ियों के फाइनल में उन्होंने 233.7 अंक हासिल किए। इसके साथ ही मनीष ने 2028 लॉस एंजिलिस पैरालिंपिक्स का कोटा भी हासिल कर लिया। साउथ कोरिया के जो जोंगडू ने 241.3 अंक के साथ एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल जीता। चीन के यांग चाओ ने 213.6 अंक हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

Breaking News

जैवलिन थ्रो में प्रदीप को सिल्वर, आयुष को ब्रॉन्ज

पुरुषों के जैवलिन थ्रो F53/54 इवेंट में भारत को दो मेडल मिले। प्रदीप कुमार ने F54 कैटेगरी में 27.45 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए लगातार दूसरी बार सिल्वर मेडल जीता। वहीं, आयुष वर्मा ने 17.88 मीटर के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उन्हें रजा पॉइंट्स के आधार पर पोडियम में जगह मिली। ईरान के एरफान बंडोरी ने 30.24 मीटर का गेम्स रिकॉर्ड थ्रो करते हुए गोल्ड मेडल जीता।

पैरा पावरलिफ्टिंग में अशोक ने जीता सिल्वर

पैरा पावरलिफ्टिंग के पुरुषों के 65 किलोग्राम तक के वर्ग में अशोक ने सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास में 192 किलोग्राम वजन उठाया। चीन के झोउ यी ने 216 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड और भारत के मार्गोनो ने 177 किलोग्राम के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। चीन के झोउ शिवेई तीनों प्रयासों में 210 किलोग्राम वजन उठाने में असफल रहे। यदि वह सफल होते, तो अशोक दूसरे स्थान से नीचे खिसक सकते थे।

Asian Para Games 2026: 19 साल की शीतल देवी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, फाइनल में पहुंचीं, अब गोल्ड मेडल पर नजर

पैरा टेबल टेनिस में भारत को चार ब्रॉन्ज

भारतीय खिलाड़ियों ने पैरा टेबल टेनिस में भी चार ब्रॉन्ज मेडल जीते। रवि बेबी साहना और प्राची पांडे एशियन पैरा गेम्स की स्टैंडिंग कैटेगरी में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी बने। भाविना पटेल और सोनलबेन पटेल ने भी ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए। चारों खिलाड़ी अपने-अपने महिला सिंगल्स सेमीफाइनल में पैरालिंपिक मेडल विजेताओं से हार गईं। हालांकि, इन चार पदकों के साथ भारत ने पैरा टेबल टेनिस में पिछले एशियन पैरा गेम्स के प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। पिछले संस्करण में भारत ने इस खेल में दो ब्रॉन्ज मेडल जीते थे।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts