Bigg Boss 20: घर में फिर छिड़ा विवाद, काजी तौकीर के गाने पर अरिश्फा ने जताई आपत्ति; लव गिल पर भी हुआ डिस रैप

Endemol Shine India के रियलिटी शो बिग बॉस 20 के 79वें एपिसोड में मनोरंजन के साथ जमकर विवाद भी देखने को मिला। वीकेंड का वार में हुए खुलासों के बाद घरवालों के बीच रिश्ते सुधारने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन पुरानी बातों ने एक बार फिर तनाव बढ़ा दिया। कहीं स्काउटओपी यंग डीएसए से माफी मांगते नजर आए, तो कहीं लव गिल ने कनिका मान से उनके कमेंट्स पर जवाब मांगा। इसके बाद बिग बॉस ने घर में एक खास शो आयोजित कराया, जिसमें कंटेस्टेंट्स को गाने, रैप और डांस परफॉर्मेंस देनी थी। लेकिन काजी तौकीर के डिस सॉन्ग में लव गिल के लिए इस्तेमाल किए गए शब्दों पर अरिश्फा खान ने आपत्ति जता दी। वहीं, यंग डीएसए और उदिति सिंह के डिस रैप ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं।
वीकेंड का वार के खुलासों के बाद घर में सुलह की कोशिश
एपिसोड की शुरुआत पिछले वीकेंड का वार में हुए खुलासों के बाद घरवालों के बीच बातचीत से हुई। स्काउटओपी यंग डीएसए से अपनी गलती के लिए माफी मांगने की कोशिश करते दिखाई दिए। दरअसल, स्काउट ने यंग की निजी जिंदगी से जुड़ी बातें सामने रख दी थीं, जो यंग ने उन्हें भरोसे के साथ बताई थीं। स्काउट अपनी बात समझाना चाहते थे, लेकिन यंग इस बातचीत में ज्यादा दिलचस्पी लेते नजर नहीं आए। उन्होंने बातचीत से दूरी बना ली। दूसरी तरफ, यंग डीएसए ने माहि विज से भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें माहि से अपने आइडिया और बाहर की जिंदगी को लेकर ऐसे कमेंट्स की उम्मीद नहीं थी। यंग ने समझाया कि उन्हें सिर्फ अपना घर नहीं, बल्कि अपने लोगों के लिए भी कुछ करना है।
माहि विज ने उनकी बात सुनने के बाद माफी मांग ली
घर में चल रहे विवाद के बीच आम्रपाली दुबे ने माहि विज से लव गिल की निजी जिंदगी को लेकर की गई बातों पर सवाल किया। वह जानना चाहती थीं कि आखिर किसने लव की पर्सनल लाइफ के बारे में चर्चा की थी। वहीं, लव गिल ने कनिका मान से उनके कमेंट्स को लेकर सीधे बात की। कनिका ने अपनी बात समझाने की कोशिश की और बताया कि उनके कहने का क्या मतलब था। इसके बाद रात में कनिका मान, गुल्लू के साथ भावुक बातचीत करती नजर आईं। उन्होंने बताया कि वह आसानी से किसी को अपने करीब नहीं आने देतीं। इस पर गुल्लू ने उन्हें समझाया कि जिंदगी में उन्हें खुद भी अपनी तरफ से बदलाव करने होंगे और जैसा जीवन वह चाहती हैं, वैसा व्यवहार भी करना होगा।
बिग बॉस ने घरवालों को दिया खास शो का टास्क
अगले दिन बिग बॉस ने घरवालों को लिविंग एरिया में बुलाया और एक खास शो का ऐलान किया। इस शो में हर कंटेस्टेंट को अलग-अलग परफॉर्मेंस देनी थी। इसके लिए घरवालों की जोड़ियां बनाई गईं और सभी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। बिग बॉस ने इस शो के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
- अरिश्फा खान और काजी तौकीर: दोनों को एक डुएट सॉन्ग और घरवालों पर आधारित एक डिस सॉन्ग तैयार करना था।
- यंग डीएसए और उदिति सिंह: दोनों को एक ओरिजिनल रैप और एक डिस रैप पेश करना था।
- आम्रपाली दुबे और लव गिल: दोनों को भोजपुरी और पंजाबी गानों पर डांस परफॉर्मेंस देनी थी।
- गुल्लू: उन्हें पूरे शो की होस्टिंग की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं, माहि विज, कनिका मान और स्काउटओपी को शो का चीफ गेस्ट और जज बनाया गया।
काजी तौकीर के डिस सॉन्ग पर अरिश्फा खान ने जताई आपत्ति
शो की तैयारी के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा काजी तौकीर और अरिश्फा खान की परफॉर्मेंस को लेकर हुई। दोनों घरवालों पर एक डिस सॉन्ग तैयार कर रहे थे। इसी दौरान काजी ने अपने गाने में लव गिल के लिए 'लव-डे' शब्द का इस्तेमाल किया। बस फिर क्या था यह सुनकर अरिश्फा खान असहज हो गईं और उन्होंने इन शब्दों पर अपनी आपत्ति जताई। अरिश्फा को लगा कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्द ठीक नहीं हैं। हालांकि, काजी तौकीर अपनी बात पर कायम रहे और उन्होंने अरिश्फा को समझाने की कोशिश की। इस दौरान दोनों के बीच गाने के शब्दों को लेकर चर्चा हुई। आखिरकार काजी ने अरिश्फा को अपनी बात से सहमत कर लिया और दोनों ने परफॉर्मेंस की तैयारी जारी रखी।
यंग डीएसए और उदिति सिंह ने तैयार किया डिस रैप
दूसरी तरफ, यंग डीएसए और उदिति सिंह ने अपने रैप की तैयारी की। दोनों ने तय किया कि डिस रैप को उदिति गाएंगी, जबकि यंग बीटबॉक्सिंग के जरिए उसमें म्यूजिक का तड़का लगाएंगे।
आम्रपाली के डांस ने जमाया रंग
सभी तैयारियों के बाद बिग बॉस 20 का खास शो शुरू हुआ। गुल्लू ने होस्ट की भूमिका निभाते हुए मजेदार अंदाज में सभी घरवालों का स्वागत किया। शो की शुरुआत आम्रपाली दुबे की डांस परफॉर्मेंस से हुई। आम्रपाली ने भोजपुरी गाने पर शानदार डांस किया। उनकी परफॉर्मेंस ने शुरुआत में ही माहौल बना दिया। जजों ने भी उनके डांस की तारीफ की। इसके बाद यंग डीएसए और उदिति सिंह की बारी आई। दोनों ने पहले यंग का 'राड़े रपाटे' रैप पेश किया। इसके बाद दोनों ने डिस रैप से महफिल में रंग जमा दिया। उदिति ने रैप गाया और यंग ने बीटबॉक्सिंग से उनका साथ दिया।



















