Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

एशियाई खेल में भारत ने क्रिकेट, शूटिंग में जीता गोल्ड

पदक तालिका में भारत 2 गोल्ड, 3 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज सहित 11 पदकों के साथ छठे स्थान पर
Follow on Google News
एशियाई खेल में भारत ने क्रिकेट, शूटिंग में जीता गोल्ड

हांगझोउ। महिला क्रिकेट टीम ने एशियाई खेलों के दूसरे दिन सोमवार को यहां स्वर्ण पदक जीता, जबकि निशानेबाजी और नौकायन में भारतीय खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा, जिससे देश ने सोमवार को छह पदक जीते। भारत ने खेलों के दूसरे दिन दो स्वर्ण, चार कांस्य पदक जीते। युवा तेज गेंदबाज तितास साधु के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने सोमवार को टी20 में श्रीलंका को 19 रन से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

बल्लेबाजी के लिए कठिन पिच पर भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 116 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी। चार दिन बाद अपना 19वां जन्मदिन मनाने जा रही तितास साधु ने चार ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लिए। इससे पहले भारत के लिए स्मृति मंधाना (45 गेंद में 46 रन) और जेमिमा रौड्रिग्ज (40 गेंद में 42 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े।

भारत के लिए अब तक इन एथलीट्स ने जीते पदक

  निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम: मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसे की शूटिंग टीम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल करने के बाद रजत पदक जीता। उन्होंने 1886 का कुल स्कोर बनाया। रोइंग मेंस डबल्स स्कल्स: अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की जोड़ी ने लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स में रजत पदक जीता। रोइंग, मेंस पेयर: लेख राम और बाबू लाल यादव की जोड़ी ने तीसरे स्थान पर रही और कांस्य पदक अपने नाम किया। रोइंग, मेंस एट: रोइंग में पदक का सिलसिला जारी रखते हुए भारत ने इस बार पुरुषों की आठ स्पर्धा में एक और रजत पदक जीता। निशानेबाजी, महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली रमिता जिंदल ने 10 मीटर एयर राइफल वर्ग में व्यक्तिगत स्पर्धा में 230.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। निशानेबाजी, पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम: दिव्यांश सिंह पंवार, रुद्रांक्ष पाटिल और ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर की तिकड़ी ने 2023 एशियाई खेलों में भारत को अपना पहला स्वर्ण पदक दिलाया। 1893.7 के स्कोर के साथ, उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में एक टीम के लिए मौजूदा विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोइंग, मेंस कॉक्सलेस फोर: जसविंदर सिंह, भीम सिंह, पुनीत और आशीष कुमार की चौकड़ी ने पुरुषों की चार स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य जीता। रोइंग, पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स: भारत ने रोइंग में कांस्य पदक जीता। सतनाम, परमिंदर, जाकर और सुखमीत की चौकड़ी फाइनल में 3:6.08 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रही। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत: शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, जिन्होंने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर टीम स्पर्धा में भारत को एशियाई खेलों का पहला स्वर्ण पदक दिलाया था, उन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टीम: आदर्श सिंह, अनीश भानवाला और विजयवीर सिद्धू की तिकड़ी ने 1718 के कुल स्कोर के साथ भारत को कांस्य पदक दिलाया। महिला क्रिकेट: भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह पहला मौका था, जब भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में भाग लिया। पहले प्रयास में ही टीम इंडिया स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही है।

नौकायन स्पर्धा में भारत को मिले दो और कांस्य पदक

चीन में चल रहे 19 वें एशियाई खेलों में भारतीय नौकायन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोमवार को दो कांस्य पदक जीते। आज हुई स्पर्धा में सतनाम सिंह, परमिंदर सिंह, जैकर खान, सुखमीत सिंह की टीम ने 6:08.61 के समय के साथ कांस्य पदक जीता है। पुरुषों की टीम स्पर्धा (चार खिलाड़ी) में जसविंदर, भीम, पुनित और आशीष की चौकड़ी ने 6:10.81 का समय दर्ज किया। भारतीय टीम तीसरे स्थान पर रही और कांस्य पदक मिला। इसी के साथ नौकायन में भारत का अभियान खत्म हो चुका है। भारतीय दल ने एशियाई खेल 2023 में तीन रजत और दो कांस्य पदक सहित कुल पांच पदक जीते।

वुशु में नाओरेम ने पक्का किया पदक

भारतीय खिलाड़ी नाओरेम रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किलोग्राम वुशु (सांडा) स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच कर देश के लिए एक और पदक पक्का कर लिया। पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सूर्य भानु प्रताप सिंह ने सांड़ा स्पर्धा में उज्बेकिस्तान के इसलोमबेक खायदारोव को शिकस्त देकर अंतिम आठ में जगह बनाई, जबकि पुरुषों के 65 किग्रा स्पर्धा विक्रांत बालियान को हार का सामना करना पड़ा।

टेनिस : बोपन्ना और युकी की जोड़ी हारी

टेनिस में एक बड़े उलटफेर में स्वर्ण पदक के दावेदार शीर्ष वरीयता प्राप्त रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी की जोड़ी पुरूष युगल में निचली रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वियों से हारकर एशियाई खेलों से बाहर हो गई। उजबेकिस्तान के सर्जेइ फोमिन और खुमोयुन सुल्तानोव ने यह मुकाबला 2-6, 6-3, 10-6 से जीता।

शतरंज स्पर्धा में विदित संतोष गुजराती ने दो बाजियां जीती

भारत के तीसरी वरीयता प्राप्त ग्रैंडमास्टर विदित संतोष गुजराती ने एशियाई खेलों की शतरंज प्रतियोगिता में सोमवार को यहां पुरुषों की व्यक्तिगत स्पर्धा के तीसरे और चौथे दौर में जीत दर्ज करके शानदार वापसी की। गुजराती ने तीसरे दौर में थाईलैंड के प्रिन लाओहाविरापाप को और अगले दौर में वियतनाम के ले तुआन मिन्ह को हराकर अपने अंकों की संख्या तीन कर ली। वह अभी छठे स्थान पर हैं। भारत के ही एक अन्य खिलाड़ी चौथी वरीयता प्राप्त अर्जुन एरीगैसी के भी गुजराती की तरह तीन अंक हैं। यह दोनों खिलाड़ी चार दौर के बाद उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसात्तोरोव और चीन के शीर्ष वरीयता प्राप्त वेई यी से आधा अंक पीछे हैं।

 
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts