Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IND vs SL World Cup 2023 : सेमीफाइनल का कंफर्म टिकट लेने उतरेगी टीम इंडिया, श्रीलंका को हराकर 12 साल पहले यहीं बनी थी चैम्पियन

Follow on Google News
IND vs SL World Cup 2023 : सेमीफाइनल का कंफर्म टिकट लेने उतरेगी टीम इंडिया, श्रीलंका को हराकर 12 साल पहले यहीं बनी थी चैम्पियन
स्पोर्ट डेस्क। आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारतीय टीम आज (2 नवंबर) अपना 7वां मैच खेलेगी। वर्ल्ड कप का 33वां मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच दोपहर 2 बजे से शुरू होगा लेकिन, टॉस मैच से आधे घंटे पहले यानी 1:30 बजे होगा। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस मैच को जीतती है तो सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी। मगर श्रीलंकाई टीम यह मैच हारते ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। भारत ने करीब 12 साल पहले मुंबई के इसी मैदान पर श्रीलंका को हराकर उससे खिताब जीता था। टीम इंडिया ने वानखेड़े स्टेडियम में वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जीता था।

भारत पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर

मेजबान भारत ने वर्ल्ड कप 2023 में अब तक 6 मैच खेले हैं और सभी में जीत दर्ज की है और पॉइंट्स टेबल में 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं टीम इंडिया अब श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतते ही सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही फिर टेबल टॉपर बन सकती है। लेकिन, श्रीलंकाई टीम हार के साथ ही सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को हराया है।

श्रीलंका के लिए 'करो या मरो' की स्थिति

श्रीलंका की टीम ने 6 मैचों में 2 जीत और 4 हार के साथ 4 अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर है। एक और हार से श्रीलंका के सेमीफाइनल की रेस में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। श्रीलंका ने नीदरलैंड और इंग्लैंड को हराया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है।

12 साल पहले श्रीलंका को हराकर जीता था खिताब

भारत-श्रीलंका के बीच यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारत ने 12 साल पहले इसी मैदान पर श्रीलंका को फाइनल मैच में हराकर खिताब जीता था। टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियन बनी थी। श्रीलंका ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान के साथ 274 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने सिर्फ 4 विकेट गंवाकर मैच जीत लिया था। भारत के लिए गौतम गंभीर ने 97 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए थे। धोनी ने 79 गेंदों पर 8 चौके और 2 छक्के लगाए थे। वर्ल्ड कप 2011 के फाइनल में दोनों टीमें बराबर की थीं। वहीं इस बार तीसरे खिताब की ओर बढ़ रही भारतीय टीम जोरदार फॉर्म में है, लेकिन श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने की कगार पर है।

वर्ल्ड कप में हेड-टू-हेड रिकार्ड

वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों की बात करें तो दोनों टीमों के बीच अब तक 9 मैच खेले गए हैं। दोनों का पलड़ा बराबरी पर है। भारत और श्रीलंका ने 4-4 मैच जीते हैं। जबकि, एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। श्रीलंका ने 1979, 1996 (दो बार) और 2007 में जीत हासिल की है। भारत को 1999, 2003, 2011 और 2019 में जीत मिली है। भारत और श्रीलंका के बीच आखिरी वनडे 17 सितंबर 2023 को खेला गया था। वो एशिया कप का फाइनल मैच था। जिसमें भारत 10 विकेट से जीता था।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज। श्रीलंका : कुसल मेंडिस (कप्तान और विकेटकीपर), पथुम निसांका, दिमुथ करुणारत्ने, सदीरा समरविक्रमा, चरिथ असलंका, धनंजय डी सिल्वा, एंजलो मैथ्यूज, महीश तीक्षणा, कसुन रजिथा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।

भारतीय टीम का वर्ल्ड कप शेड्यूल

  • 8 अक्टूबर vs ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई (टीम इंडिया 6 विकेट से जीती)
  • 11 अक्टूबर vs अफगानिस्तान, दिल्ली (टीम इंडिया 8 विकेट से जीती)
  • 14 अक्टूबर vs पाकिस्तान, अहमदाबाद (टीम इंडिया 7 विकेट से जीती)
  • 19 अक्टूबर vs बांग्लादेश, पुणे (टीम इंडिया 7 विकेट से जीती)
  • 22 अक्टूबर vs न्यूजीलैंड, धर्मशाला (टीम इंडिया 4 विकेट से जीती)
  • 29 अक्टूबर vs इंग्लैंड, लखनऊ (टीम इंडिया 100 रनों से से जीती)
  • 2 नवंबर vs श्रीलंका, मुंबई
  • 5 नवंबर vs साउथ अफ्रीका, कोलकाता
  • 12 नवंबर vs नीदरलैंड्स, बेंगलुरु
खेल से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts