PlayBreaking News

PM Modi Mann Ki Baat:समुद्र से आसमान तक मजबूत हो रहा भारत, 'मन की बात' में पीएम मोदी ने बताई विकास की नई तस्वीर

मन की बात के 135वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सुरक्षा, आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा तकनीक, योग की वैश्विक सफलता और समाज में बदलाव लाने वाली प्रेरक पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते छह महीनों में भारत ने कई ऐसे काम किए हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए।
Follow on Google News
समुद्र से आसमान तक मजबूत हो रहा भारत, 'मन की बात' में पीएम मोदी ने बताई विकास की नई तस्वीर
फाइल फोटो

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में देश की उपलब्धियों और आम लोगों के प्रेरणादायक प्रयासों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि साल 2026 के पहले छह महीनों में भारत ने रक्षा, विमानन, खेल और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। पीएम ने स्वदेशी युद्धपोतों, मेड इन इंडिया C-295 विमान, लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल, योग में भारत की वैश्विक सफलता और देश के अलग-अलग राज्यों में चल रही प्रेरक पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत लगातार आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में भारतीय नौसेना में तीन नए स्वदेशी युद्धपोत INS दुनागिरी, INS संशोधक और INS अग्रे शामिल किए गए हैं। इन जहाजों की डिजाइन से लेकर निर्माण तक का पूरा काम भारत में ही हुआ है। उन्होंने कहा कि यह देश की रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भर भारत अभियान की बड़ी सफलता है। इससे साफ है कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

C-295 से बढ़ेगा रोजगार

पीएम ने बताया कि भारत ने विमानन क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मेड इन इंडिया C-295 विमान ने अपनी पहली सफल उड़ान पूरी कर ली है। ऐसे 40 विमान देश में ही बनाए जा रहे हैं। इससे एयरोस्पेस उद्योग को मजबूती मिलेगी, छोटे और मध्यम उद्योगों को नए अवसर मिलेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

स्वदेशी मिसाइल ने बढ़ाया भरोसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि डीआरडीओ ने स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इस मिसाइल को भारतीय वैज्ञानिकों और उद्योगों ने मिलकर तैयार किया है। उन्होंने कहा कि समुद्र से लेकर आसमान तक भारत अपनी सुरक्षा को मजबूत बनाने में लगातार आगे बढ़ रहा है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली दवा खरीद घोटाले में ACB का शिकंजा : पूर्व DGHS समेत दो अधिकारी गिरफ्तार, टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल

योग में नंबर वन बना भारत

पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। भारत ने विश्व योगासन चैंपियनशिप में 114 पदक जीतकर पहला स्थान हासिल किया, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि योग अब पूरी दुनिया में भारत की पहचान बन चुका है।

प्रेरक कहानियों का किया जिक्र

मन की बात में प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के नांदेड़ के पेठकर परिवार का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि परिवार ने शादी में शामिल होने वाले करीब 3500 लोगों का एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कराया। पीएम ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। उन्होंने नागालैंड की बेबी लीग और विमेन फुटसल लीग की भी सराहना की। उनके अनुसार ये पहल बच्चों और महिलाओं को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं और नई प्रतिभाओं को सामने ला रही हैं।

हरगिला पक्षी संरक्षण बना मिसाल

प्रधानमंत्री ने असम की पूर्णिमा देवी बर्मन और उनकी हरगिला आर्मी की भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि पहले लोग इस दुर्लभ पक्षी को अच्छा नहीं मानते थे, लेकिन जागरूकता अभियान के बाद अब हजारों महिलाएं इसके संरक्षण में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और समाज की भागीदारी से पुरानी सोच बदली जा सकती है।

ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को झटका: 1 जुलाई से बदल जाएंगे नियम, देरी पर अब पूरे महीने नहीं; जितने दिन उतना लगेगा सरचार्ज

लोगों से सहयोग के लिए जताया आभार

पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में बने हालात को देखते हुए उन्होंने लोगों से कुछ समय तक सोना कम खरीदने और जरूरत पड़ने पर कारपूलिंग अपनाने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने उनकी अपील का सकारात्मक जवाब दिया। कई लोगों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे यह साबित होता है कि कठिन समय में देशवासी मिलकर जिम्मेदारी निभाते हैं।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी) | एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारिय...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts