भारत ने बांग्लादेश को दी कड़ी चेतावनी, कहा- अपने अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर ध्यान दे, भारत के मामलों में न घुसें

पश्चिम बंगाल में हुई हालिया हिंसा पर बांग्लादेश की टिप्पणी पर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि बांग्लादेश भारत के आंतरिक मामलों में दखल न दे, बल्कि अपने देश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर ध्यान दे। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश की टिप्पणी धूर्तता से भरी हुई है और यह अपने देश में हो रहे अल्पसंख्यकों पर हमलों से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
अपने गिरेबान में झांके- भारत
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के चीफ एडवाइजर के प्रेस सेक्रेटरी ने आरोप लगाया था कि भारत को बंगाल में मुस्लिम अल्पसंख्यकों की सुरक्षा करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने इस बात से इनकार किया कि बांग्लादेश का इस हिंसा से कोई संबंध है। भारत ने इसे खारिज करते हुए कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार करने वाले अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि भारत के आंतरिक मामलों पर सवाल उठाए जा रहे हैं।





















