Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

IND vs AUS : पर्थ में टूटा ऑस्ट्रेलिया का घमंड, भारत ने पहला टेस्ट 295 रन से जीतकर बनाई 1-0 की बढ़त, दूसरी पारी में 238 रन पर सिमटी कंगारू टीम

Follow on Google News
IND vs AUS : पर्थ में टूटा ऑस्ट्रेलिया का घमंड, भारत ने पहला टेस्ट 295 रन से जीतकर बनाई 1-0 की बढ़त, दूसरी पारी में 238 रन पर सिमटी कंगारू टीम
पर्थ। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन सोमवार को 295 रन से हरा दिया है। टीम इंडिया ने 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। दूसरा मुकाबला 6 दिसंबर से एडिलेड में खेला जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में बुमराह और मोहम्मद सिराज ने 3-3 विकेट लिए। ट्रैविस हेड (89) ने अर्धशतक लगाया।

कंगारू टीम 238 रन पर सिमटी

भारत के 534 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कंगारू टीम 238 रन पर सिमट गई, जिससे टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने तीन-तीन विकेट चटकाए। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलेक्स कैरी ने सर्वाधिक 89 रन की पारी खेली। इससे पहले भारत ने 6 विकेट पर 487 रन पर दूसरी पारी घोषित कर दी थी। टीम इंडिया ने पहली पारी में 150 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104 रन पर सिमट गई थी।

बुमराह को ‘प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा

यशस्वी जयसवाल और विराट कोहली की शतकीय पारियों और जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टेस्ट मैच में 295 रनों से हरा दिया है। जसप्रीत बुमराह को उनके शानदार खेल के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा गया। ऑस्ट्रेलिया ने सोमवार को सुबह कल के 12 रन पर तीन विकेट से आगे खेलना शुरू किया। सुबह में मोहम्मद सिराज ने उस्मान ख्वाजा (चार) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को 17 के स्कोर पर चौथा झटका दिया। इसके बाद स्टीव स्मिथ और ट्रेविस हेड ने पारी को संभालने का प्रयास किया। 25वें ओवर में सिराज ने स्टीव स्मिथ (17) को पंत के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पांचवी सफलता दिलाई। इस समय ऐसा लगने लगा था कि ऑस्ट्रेलिया पारी जल्द ही सिमट जाएगी। बल्लेबाजी करने आये मिचेल मार्श ने ट्रेविस हेड के पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिये 82 रनों की साझेदारी हुई। बुमराह ने ट्रेविस हेड (89) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने मिचेल मार्श (47) को बोल्ड कर भारत को सातवीं सफलता दिलाई। मिचेल स्टॉक को (12) को वॉशिंगटन सुंदर ने आउट किया। नेथन लॉयन (शून्य) को भी सुंदर ने बोल्ड आउट किया। हर्षित राणा ने एलेक्स कैरी (36) को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई पारी का अंत कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 58.4 ओवर में 238 पर सिमट गई और रिकार्ड 295 रनों से मुकाबला हार गई।

बुमराह और सिराज ने 3-3 विकेट झटके

भारत की ओर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने तीन-तीन विकेट लिए। वॉशिंगटन सुंदर को दो विकेट मिले। हर्षित राणा ने और नीतीश कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले भारत की पहली पारी: 58.3 ओवर में 150 रन पर सिमट गई थी। नीतीश रेड्डी 41, पंत 37 रनों की पारी खेली थी। तथा ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने 29 रन देकर 4 विकेट और मिशेल स्टार्क ने 14 रन देकर दो विकेट झटके थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया पहली पारी: 51.2 ओवर में 104 रन पर ढ़ेर हो गई थी। मिशेल स्टार्क ने सर्वाधिक 26 रन बनाये थे। वहीं भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 30 रन देकर पांच विकेट और हर्षित राणा ने 48 रन देकर तीन विकेट लिये। भारत ने दूसरी पारी: यशस्वी जयसवाल (161) और विराट कोहली (नाबाद 100) की शतकीय पारियों के दम पर भारत ने छह विकेट पर 487 रनों पर पारी घोषित कर ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 534 रनों का लक्ष्य दिया था।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: जसप्रीत बुमराह (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, विराट कोहली, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, नीतीश रेड्‌डी, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज। ऑस्ट्रेलिया: पैट कमिंस (कप्तान), नाथन मैकस्वीनी, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, मिचेल मार्श, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन​​​​​​।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts