IND vs AFG :तीसरे वनडे में आज भारत की नजर क्लीन स्वीप पर, कप्तान गिल से फिर बेहतर पारी की उम्मीद

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम पहले ही शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। ऐसे में उसकी नजर अब क्लीन स्वीप पर होगी, जबकि अफगानिस्तान पहली जीत की तलाश में मैदान पर उतरेगा।
भारत के एकतरफा रिकॉर्ड्स
भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक कुल छह वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने पांच मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान आज तक भारत के खिलाफ कोई वनडे मैच नहीं जीत सका है। यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय वनडे सीरीज है, जिसमें भारतीय टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा है।
55 % बारिश की संभावना
चेन्नई का मौसम दोनों टीमों की चिंता बढ़ा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को बारिश की 55 प्रतिशत संभावना है। हालांकि मैच से एक दिन पहले मौसम साफ रहा, लेकिन बीच-बीच में बारिश मुकाबले को प्रभावित कर सकती है।
यह भी पढ़ें: मेक्सिको ने साउथ कोरिया को हराया : नॉकआउट में पहुंचने वाली पहली टीम बनी, कनाडा के डेविड की हैट्रिक
भारतीय बल्लेबाज लगातार बना रहे रन
भारतीय बल्लेबाज इस सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। टीम में वापसी कर रहे ईशान किशन ने दूसरे वनडे में 79 गेंदों पर 125 रन की तूफानी पारी खेली थी। कप्तान शुभमन गिल भी जबरदस्त लय में हैं। उन्होंने पहले मैच में नाबाद 84 रन बनाए थे, जबकि दूसरे वनडे में 154 रन की शानदार पारी खेली। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने भी दूसरे मुकाबले में तेज 48 रन बनाकर अच्छी शुरुआत दिलाई थी।
गुरनूर बरार भारत के सबसे सफल गेंदबाज
गेंदबाजी विभाग में डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने दोनों मैचों में लगातार विकेट लेकर अफगान बल्लेबाजों को परेशान किया है और फिलहाल सीरीज के टॉप विकेट टेकर हैं।
यह भी पढ़ें: गंभीर हटाओ धोनी लाओ, श्रीसंत ने क्यों दिया ऐसा बयान, ऑन कैमरा में भारत के भविष्य पर कहीं कई बात!
गुरबाज अफगानिस्तान की सबसे बड़ी उम्मीद
अफगानिस्तान के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने दो मैचों में 143 रन बनाए हैं और एक शतक भी जड़ा है। गेंदबाजी में नांगेलिया खरोटे ने प्रभावित किया है। उन्होंने अपने एकमात्र मैच में चार विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी क्रम को झटका दिया था।
नीतीश रेड्डी की वापसी संभव
जांघ की चोट के कारण दूसरा वनडे नहीं खेल पाने वाले ऑलराउंडर नीतीश रेड्डी ने नेट्स में गेंदबाजी की है और उनकी वापसी की संभावना है। वहीं चोट से उबरने के बाद हर्षित राणा को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि उन्हें अंतिम 11 में मौका मिलने की संभावना कम मानी जा रही है।
स्पिनरों को मदद दे सकती है चेपॉक की पिच
चेन्नई की पिच पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। हालांकि शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को भी कुछ सहायता मिल सकती है। लाल मिट्टी वाली पिच पर अच्छा उछाल मिलने की उम्मीद है, जिससे बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों को बराबर मौका मिल सकता है।











