Weather Update :22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। आईएमडी ने 22 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और 70 किमी/घंटा तक तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत किन राज्यों में कहां-कैसा रहेगा मौसम।
22 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 70 किमी/घंटा तक चल सकती हैं हवाएं
देश के 22 राज्यों मेँ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी।

देश के बड़े हिस्से में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों के ऊपर बने डिप्रेशन का असर मध्य और उत्तर भारत तक दिखाई दे रहा है। इसी सिस्टम को देखते हुए भारत IMD ने 7 जुलाई को 22 राज्यों में तेज बारिश, गरज-चमक और आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक कई राज्यों में मानसून का असर बना रहेगा। वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को फिलहाल समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

डिप्रेशन से बढ़ा बारिश का असर, अगले तीन दिन अहम

आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों पर बना डिप्रेशन मानसून को और मजबूत कर रहा है। इसके कारण मध्य भारत के साथ उत्तर भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों तक यह सिस्टम सक्रिय रहेगा और कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा फिलहाल जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनूं, हिसार और भटिंडा से होकर गुजर रही है। अनुकूल परिस्थितियों के चलते अगले तीन दिनों में मानसून गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के बाकी हिस्सों तक भी आगे बढ़ सकता है।

22 राज्यों में जारी किया गया अलर्ट

आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल, मिजोरम और त्रिपुरा समेत कुल 22 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

शहर

अधिकतम तापमान(7 जुलाई)

न्यूनतम तापमान(7 जुलाई)

दिल्ली

34°C

29°C

मुंबई

28°C

27°C

चेन्नई

37°C

29°C

कोलकाता

31°C

29°C

लखनऊ

33°C

27°C

पटना

31°C

28°C

रांची

27°C

24°C

भोपाल

28°C

25°C

जयपुर

34°C

28°C

शिमला

27°C

21°C

नैनीताल

24°C

21°C

दिल्ली में तीन दिन तक बारिश का दौर

राजधानी दिल्ली में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आईएमडी का कहना है कि 8 और 9 जुलाई को भी राजधानी में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है।

Breaking News

उत्तर प्रदेश और बिहार में कई दिनों तक बारिश की संभावना

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, बरेली और अयोध्या समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा होने की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। आज प्रदेश के कुछ इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर, पूर्णिया, बेगूसराय, छपरा, सहरसा और समस्तीपुर समेत कई जिलों के लिए भी 7 से 12 जुलाई तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी दी है। 9 से 12 जुलाई के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

Twitter Post

राजस्थान, उत्तराखंड और हिमाचल में भारी बारिश का अनुमान

राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर, सीकर और झुंझुनूं समेत कई जिलों में 7 से 12 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा और अन्य जिलों में व्यापक बारिश का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें: चीन में मौसम ने मचाई तबाही: तेज तूफान-बारिश से बिगड़े हालात, 8 की मौत, अब आएगा सुपर टाइफून?

झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी रहेगा मौसम का असर

झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, देवघर और आसपास के जिलों में 7 से 10 जुलाई के बीच तेज हवा, बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, जम्मू, अनंतनाग, बारामूला, पुंछ, राजौरी और अन्य जिलों में भी 7 से 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। यहां भी 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

ये भी पढ़ें: बारिश का कहर: नासिक-त्र्यंबकेश्वर में बादल फटने की आशंका! रेड अलर्ट के बीच मंदिर बंद, स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी

अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास मौसम की स्थिति फिलहाल अनुकूल नहीं है। इस वजह से समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इसे देखते हुए विभाग ने 7 जुलाई तक मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह दी है। साथ ही, जिन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करें।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts