Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफेस्टो, युवाओं को हर महीने 5 हजार बेरोजगारी भत्ता और पुरानी पेंशन लागू करने का वादा

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने संविधान दिवस पर गुरुवार को पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया। इसमें युवाओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और महिलाओं से जुड़े कई बड़े वादे किए गए हैं।
अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफेस्टो, युवाओं को हर महीने 5 हजार बेरोजगारी भत्ता और पुरानी पेंशन लागू करने का वादा
अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफेस्टो

लखनऊ। घोषणा-पत्र में युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता देने और पुरानी पेंशन बहाल करने की बात कही गई है। इसके साथ ही बंद स्कूलों को दोबारा खोलने, शिक्षामित्रों और शिक्षकों को समान वेतन देने और आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक वेतन और नौकरी में समायोजन का लाभ दिलाने का वादा किया गया है। अखिलेश ने संविधान में बदलाव की कोशिशों का विरोध करते हुए कहा कि देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं।

जन-मन घोषणा पत्र और सत्ताइस का संकल्प नाम दिया

अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी किया। इसे जन-मन घोषणा पत्र और सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया गया है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अलग घोषणा-पत्र और प्रदेश के 75 जिलों के हिसाब से अलग विजन भी सामने आ सकता है।

ये भी पढ़ें: UP Election 2027: अखिलेश के PDA को कैसे जवाब देगी BJP? मथुरा की बैठक में हिंदुत्व और विकास पर मंथन

युवाओं को हर महीने मिलेगा 5 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता

घोषणा-पत्र में युवाओं के लिए हर महीने 5,000 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर पुरानी पेंशन बहाल करने के साथ शिक्षामित्रों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम किया जाएगा।

'बंद स्कूल फिर खुलेंगे, शिक्षकों को समान वेतन देने का वादा'

अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी का गौरव बहाल करने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को फिर से शुरू किया जाएगा। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और हर स्तर के शिक्षकों को समान वेतन देने के लिए काम करेंगे।

'आशा-आंगनबाड़ी और संविदा कर्मचारियों को मिलेगा सम्मानजनक वेतन'

सपा प्रमुख ने कहा कि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी सम्मानजनक वेतन दिया जाएगा। उन्हें नौकरी में पक्का करने और समायोजन का लाभ दिलाने के साथ पुरानी पेंशन लागू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इसके अलावा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।

Breaking News

'अच्छे दिन तो आए नहीं, बुरे दिन जाने वाले हैं'

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। उन्होंने ऐसी शक्तियों को संविधान विरोधी, संकीर्ण सोच वाली और विध्वंसकारी बताते हुए कहा कि संविधान संशोधन के नाम पर किए जाने वाले किसी भी षड्यंत्र को नाकाम करने के लिए हम सब एकजुट हैं और मुकाबले के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, 'अच्छे दिन तो आए नहीं, बुरे दिन जाने वाले हैं।' साथ ही कहा कि जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही PDA बढ़ेगा।

संविधान बदलने की कोशिशों के खिलाफ एकजुट होने की अपील

अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ प्रभुत्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान को मिटाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि संविधान शोषित और वंचित लोगों के लिए ढाल की तरह खड़ा है। कुछ ताकतें देश को संविधान से नहीं, बल्कि मन-विधान से चलाना चाहती हैं। हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि आज संविधान को लेकर संघर्ष का समय है। एक तरफ वे लोग हैं, जो सत्ता पाने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं, जबकि दूसरी तरफ हम संविधान से हर तरह का भेद मिटाना, आरक्षण बचाना और समाज में समानता का भाव जगाना चाहते हैं। उन्होंने सभी संविधान प्रेमियों से एकजुट होकर संविधान के खिलाफ किसी भी साजिश को सफल नहीं होने देने की अपील की।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts