पूरी नींद नहीं लेने से कमजोर हो सकती है याददाश्त, जानिए दिमाग पर कैसे पड़ता है असर

यूनिवर्सिटी ऑफ द सनशाइन कोस्ट के शोधकर्ताओं याकूत फातिमा, डेनियल विल्सन, निसरीन औरिया और त्योदोरा स्पिनोजा के मुताबिक, नींद केवल शरीर को आराम देने के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि यह मस्तिष्क के बेहतर कामकाज के लिए भी अहम है। नींद के दौरान दिमाग दिनभर के अनुभवों को व्यवस्थित करता है, जरूरी यादों को मजबूत बनाता है और अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। नींद बाधित होने पर इन प्रक्रियाओं पर असर पड़ता है, जिससे याददाश्त और सीखने की क्षमता कमजोर हो सकती है। लेकिन इसकी एक बड़ी वजह नींद की कमी भी हो सकती है। नींद पूरी नहीं होने से मस्तिष्क की यादों को सहेजने और नई चीजें सीखने की क्षमता प्रभावित होती है। इतना ही नहीं, रात में सोते समय दिमाग खुद की सफाई और रखरखाव का काम भी करता है।
नींद के दौरान मस्तिष्क करता है खुद की सफाई
वैज्ञानिकों के अनुसार, खराब नींद का संबंध आगे चलकर याददाश्त से जुड़ी समस्याओं और अल्जाइमर रोग के बढ़ते जोखिम से पाया गया है। शोध में सामने आया है कि कम नींद लेने वाले लोगों में अल्जाइमर से जुड़े एमिलॉयड-बीटा और टाउ प्रोटीन का स्तर अधिक हो सकता है। एक अध्ययन में सामान्य नींद लेने वाले लोगों के रक्त में इन दोनों प्रोटीनों का स्तर पूरी रात जागने वालों की तुलना में अधिक पाया गया। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इसकी वजह यह हो सकती है कि नींद के दौरान मस्तिष्क इन अपशिष्ट पदार्थों को साफ करके रक्त में भेजता है, ताकि उन्हें शरीर से बाहर निकाला जा सके।
ये भी पढ़ें: सर्दियों में सुस्ती बिगाड़ सकती है सेहत, जानिए खुद को फिट रखने के 10 आसान उपाय, बुजुर्गों का ऐसे रखें ख्याल
ग्लाइम्फैटिक सिस्टम से बाहर निकलते हैं अपशिष्ट पदार्थ
मस्तिष्क की सफाई में ग्लाइम्फैटिक सिस्टम अहम भूमिका निभाता है। इसे दिमाग की सफाई और जल निकासी व्यवस्था भी कहा जाता है। जिस तरह शहर में रात के समय सफाई कर्मचारी कचरा हटाते हैं, उसी तरह यह प्रणाली दिनभर मस्तिष्क में जमा हुए अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करती है। नींद के दौरान यह व्यवस्था सबसे प्रभावी तरीके से काम करती है। ऐसे में पर्याप्त नींद लेने से मस्तिष्क में उन पदार्थों को साफ करने में मदद मिलती है, जिनका संबंध याददाश्त कमजोर होने और अल्जाइमर जैसी बीमारी से जोड़ा जाता है।
दिनभर का तनाव भी बिगाड़ सकता है रात की नींद
नींद और याददाश्त का संबंध केवल एक तरफा नहीं है, बल्कि दिनभर के अनुभव भी रात की नींद को प्रभावित करते हैं। चूहों पर किए गए एक अध्ययन में शोधकर्ताओं ने एक समूह को सकारात्मक अनुभव दिए, जबकि दूसरे समूह को तनावपूर्ण परिस्थितियों से गुजारा। इसमें पाया गया कि तनावपूर्ण अनुभवों वाले चूहों की नींद ज्यादा बाधित और अनियमित रही, जबकि सकारात्मक अनुभव वाले चूहों ने बेहतर और नियमित नींद ली। शोधकर्ताओं ने जब तनावपूर्ण यादों को जमा करने वाली मस्तिष्क कोशिकाओं की गतिविधि कम की, तो चूहों की नींद फिर से स्थिर हो गई। हालांकि, यह अध्ययन जानवरों पर हुआ है, इसलिए इसके नतीजों को सीधे इंसानों पर लागू नहीं किया जा सकता।
तनाव और नींद की कमी बन सकते हैं दुष्चक्र
शोध के मुताबिक, तनावपूर्ण दिन के बाद व्यक्ति को रात में बेचैनी हो सकती है और उसकी नींद प्रभावित हो सकती है। इसके बाद जब नींद पूरी नहीं होती, तो अगले दिन व्यक्ति ज्यादा संवेदनशील और तनावग्रस्त महसूस कर सकता है। इसका असर मुश्किल परिस्थितियों से निपटने की क्षमता पर भी पड़ता है। इस तरह तनाव और खराब नींद एक-दूसरे को बढ़ाने का काम कर सकते हैं। इसलिए मानसिक तनाव को कम करना और नींद की नियमित दिनचर्या बनाए रखना याददाश्त के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य के लिए भी जरूरी है।
स्लीप एपनिया से भी कमजोर हो सकती है याददाश्त
ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया नींद से जुड़ा एक विकार है, जो दुनिया की करीब 9 से 38 प्रतिशत आबादी को प्रभावित करता है। इस समस्या में सोते समय सांस लेने की प्रक्रिया बार-बार कुछ समय के लिए रुक जाती है, जिससे नींद टूटती रहती है। कई बार व्यक्ति को रात में ऐसा होने का पता भी नहीं चलता, लेकिन मस्तिष्क को जरूरी गहरी और आरामदायक नींद नहीं मिल पाती। शोध बताते हैं कि गंभीर स्लीप एपनिया से पीड़ित लोगों का याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता से जुड़े परीक्षणों में प्रदर्शन कमजोर रहता है। अवसाद और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखने के बाद भी यह अंतर देखा गया है। अगर नियमित रूप से तेज खर्राटे आते हैं, नींद में हांफकर जागते हैं या दिन में बहुत नींद आती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
इन छोटी आदतों से बेहतर हो सकती है नींद
याददाश्त से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम करने के लिए नींद की आदतों में सुधार करना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए सोने का कमरा अंधेरा, शांत और आरामदायक रखें। रोजाना सोने और जागने का समय लगभग एक जैसा रखें और सोने से कम से कम छह घंटे पहले कैफीन लेना बंद कर दें। सोने से तीन से चार घंटे पहले शराब से परहेज करें, क्योंकि इससे नींद की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा सोने से पहले किताब पढ़ना, ध्यान लगाना, हल्की स्ट्रेचिंग करना या गर्म पानी से नहाना जैसी आराम देने वाली गतिविधियां अपनाई जा सकती हैं।
याद रखें, रात में सोते समय मस्तिष्क केवल आराम नहीं करता, बल्कि दिनभर की यादों को मजबूत बनाता है, सीखी गई बातों को व्यवस्थित करता है और भावनाओं को समझने की प्रक्रिया पूरी करता है। इसी दौरान मस्तिष्क में जमा अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में भी मदद मिलती है। इसलिए अच्छी याददाश्त और बेहतर मानसिक स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त और नियमित नींद लेना जरूरी है।



















