H1N1 से संक्रमित हैं तो सावधान! ये 4 गलतियां पड़ सकती हैं भारी

दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 20 अगस्त तक राजधानी में 1,777 केस सामने आए हैं। ICMR के मुताबिक देश में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन नहीं मिला है। विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। संक्रमण होने पर खुद से दवा लेने, एक्सरसाइज करने और भीड़ में जाने से बचें।
H1N1 से संक्रमित हैं तो सावधान! ये 4 गलतियां पड़ सकती हैं भारी
स्वाइन फ्लू का बढ़ता खतरा!

दिल्ली में इन दिनों H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 20 अगस्त तक राजधानी में इस साल H1N1 के 1,777 मामले सामने आ चुके हैं। सिर्फ 20 अगस्त को ही 114 नए मरीज मिले।

बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। हालांकि, ICMR ने साफ किया है कि देश में H1N1 का कोई नया स्ट्रेन सामने नहीं आया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, मौजूदा स्थिति मौसमी फ्लू से जुड़ी है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लापरवाही से बचना जरूरी है।

पहले H1N1 हो चुका है तो भी लापरवाही न करें

अगर आपको पहले H1N1 हो चुका है तो यह सोचकर लापरवाही न करें कि इस बार भी संक्रमण आसानी से ठीक हो जाएगा। फ्लू वायरस में समय के साथ बदलाव हो सकते हैं और हर बार संक्रमण का असर एक जैसा नहीं होता।

इसलिए डॉक्टर की सलाह मानना और शरीर में दिखाई देने वाले लक्षणों को गंभीरता से लेना जरूरी है। जिन लोगों को पहले से सांस या फेफड़ों से जुड़ी परेशानी है, उन्हें खास सावधानी बरतनी चाहिए।

health

खुद से दवाएं लेना पड़ सकता है भारी

H1N1 होने पर पुरानी बीमारी की दवाएं खुद से दोबारा शुरू करना या किसी दूसरे व्यक्ति की दवा लेना सही नहीं है। हर मरीज की स्थिति अलग हो सकती है। एंटीबायोटिक भी बिना डॉक्टर की सलाह के न लें। H1N1 एक वायरल संक्रमण है और डॉक्टर जरूरत के अनुसार एंटीवायरल या दूसरी दवाएं दे सकते हैं। दवा की मात्रा और कितने दिन लेनी है, इसका फैसला डॉक्टर पर छोड़ना बेहतर है।

बुखार में जिम और एक्सरसाइज से रहें दूर

बुखार, शरीर में दर्द या कमजोरी के बावजूद ऑफिस जाने, बाहर के काम करने या जिम में एक्सरसाइज करने की गलती न करें। बीमारी के दौरान शरीर को ठीक होने के लिए पर्याप्त आराम की जरूरत होती है। जब तक बुखार और कमजोरी बनी रहे, तब तक भारी एक्सरसाइज और ज्यादा शारीरिक मेहनत से बचें।

घर में भी संक्रमण फैलने से बचाएं

H1N1 संक्रमित व्यक्ति से परिवार के दूसरे सदस्यों तक भी फैल सकता है। इसलिए बीमारी के दौरान कुछ सावधानियां जरूर रखें।

  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकें।
  • हाथों को नियमित रूप से साबुन या सैनिटाइजर से साफ करें।
  • कमरे में हवा का अच्छा वेंटिलेशन रखें।
  • भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
  • परिवार के अन्य सदस्यों से जरूरी दूरी बनाए रखें।

खासकर भीड़ और खराब वेंटिलेशन वाली जगहों पर सावधानी बरतना जरूरी है। दिल्ली में बढ़ते मामलों के बीच विशेषज्ञ भी लोगों को संक्रमण से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts