मूंग खरीदी को लेकर किसानों का बड़ा आंदोलन, हरदा में नेशनल हाईवे पर डाला डेरा





हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में मूंग खरीदी को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को सैकड़ों किसानों ने अपनी मांगों को लेकर छोटी हरदा के पास नेशनल हाईवे पर धरना शुरू कर दिया। आम किसान यूनियन के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से किसान लगातार पहुंच रहे हैं।
किसानों की मुख्य मांग है कि सरकार शत-प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करे, ई-टोकन प्रणाली में सुधार करे और पहले की लंबित फसल बीमा राशि का जल्द भुगतान करे। किसानों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था के कारण उन्हें अपनी उपज बेचने में परेशानी हो रही है और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।'यह किसानों के अस्तित्व की लड़ाई'
आंदोलन के दौरान किसान "चाहे जो मजबूरी हो, मूंग खरीदी पूरी हो" और "जय जवान, जय किसान" जैसे नारे लगा रहे हैं। किसान नेता राम इनानिया, केदार सिरोही, सुनील गोलया, संजय खैरवा, राजेंद्र बांके और अशोक गुर्जर ने कहा कि यह आंदोलन किसानों के अधिकार और अस्तित्व की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस फैसला नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ड्रोन से निगरानी
आंदोलन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे आंदोलन पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जा रही है। इसके अलावा, यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले ही रूट डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। छोटे और बड़े वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है। फिलहाल आंदोलन स्थल पर किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




















