ग्वालियर: गढ़ी रियासत के वंशज हनुमत सिंह ने की खुदकुशी, लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली

ग्वालियर में गुरुवार तड़के एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां भितरवार गढ़ी रियासत से ताल्लुक रखने वाले 68 वर्षीय हनुमत सिंह राजावत ने अपने ही घर में लाइसेंसी राइफल से खुद को गोली मार ली। माधौगंज थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी में हुई इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्वालियर: गढ़ी रियासत के वंशज हनुमत सिंह ने की खुदकुशी, लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली
गढ़ी रियासत के वंशज हनुमत सिंह ने की खुदकुशी

ग्वालियर। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों के अनुसार हनुमत सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान थे और करीब दो महीने से बिस्तर पर थे। घटनास्थल से लाइसेंसी राइफल जब्त कर ली गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अब परिजनों के बयानों, एफएसएल जांच और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

तड़के 3:30 बजे घर में हुई फायरिंग

गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे एकता कॉलोनी स्थित घर में अचानक गोली चलने की आवाज आई। उसी कमरे में सो रही हनुमत सिंह की पत्नी की नींद फायरिंग की आवाज से खुल गई। उन्होंने देखा कि हनुमत सिंह बिस्तर पर खून से लथपथ पड़े थे और उनके सीने पर लाइसेंसी राइफल रखी हुई थी। गोली सीधे सीने में लगी थी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद माधौगंज थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची।

भोपाल में अवैध कॉलोनी पर नगर निगम की कार्रवाई, खेजड़ा बरामद में JCB से तोड़े निर्माण

गंभीर बीमारी से परेशान थे हनुमत सिंह

परिजनों ने पुलिस को बताया कि हनुमत सिंह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। पिछले करीब दो महीनों से वह पूरी तरह बिस्तर पर आ गए थे और रोजमर्रा के कामों के लिए भी उन्हें परिजनों के सहारे की जरूरत पड़ती थी। इसी वजह से वह बेहद आहत और मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे। परिजनों के मुताबिक वह अक्सर कहते थे कि अब दूसरों के सहारे नहीं जी पाऊंगा और मेरी जीने की इच्छा खत्म हो गई है। पिछले दो-तीन दिनों में भी उन्होंने यह बात कई बार दोहराई थी, इसलिए पुलिस इसी एंगल को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

/img/118/1786629048251

सीने में मारी गोली 

जांच में सामने आया है कि हनुमत सिंह ने बेड पर बैठकर राइफल को सीने से लगाकर ट्रिगर दबाया। उनके घर में कुल तीन लाइसेंसी हथियार मौजूद थे, जिन्हें वह सुरक्षा की दृष्टि से अपने कमरे में ही रखते थे। पुलिस ने घटना के बाद लाइसेंसी राइफल को अपने कब्जे में ले लिया है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयारोग्य अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

भितरवार गढ़ी रियासत से था परिवार का संबंध

हनुमत सिंह राजावत का संबंध भितरवार थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव की ऐतिहासिक रियासत से था। उनके पूर्वज भितरवार गढ़ी रियासत के शासक थे और इलाके में आज भी उन्हें गढ़ी के राजा के नाम से जाना जाता है। गढ़ी गांव में परिवार की पुश्तैनी जमीन और हवेली आज भी मौजूद है। हालांकि पिछले करीब 20 साल से हनुमत सिंह ग्वालियर शहर की एकता कॉलोनी में रह रहे थे। परिवार में उनके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा मुंबई में चार्टर्ड अकाउंटेंट है, जबकि छोटा बेटा ग्वालियर में रहकर उनकी देखभाल करता था।

भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी, प्रहरी से मारपीट के बाद लगाई दौड़

पुलिस मामले की जांच में जुटी 

लश्कर सीएसपी किरण अहिरवार ने बताया कि एक बुजुर्ग ने गोली मारकर आत्महत्या की है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में यह बात सामने आई है कि हनुमत सिंह खुद को भितरवार गढ़ी रियासत का वंशज बताते थे। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts