भोपाल में अवैध कॉलोनी पर नगर निगम की कार्रवाई, खेजड़ा बरामद में JCB से तोड़े निर्माण

राजधानी में बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने और अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। भवन अनुज्ञा शाखा की टीम ने जोन-16 क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण हटाए। खेजड़ा बरामद में करीब 2.3 एकड़ जमीन पर बिना सक्षम अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी के निर्माण को JCB की मदद से तोड़ा गया। वहीं अयोध्या बायपास स्थित इंडस मुस्कान कॉलोनी में मकान के साने किए गए अवैध निर्माण को भी हटा दिया गया।
बिना मंजूरी विकसित की जा रही थी कॉलोनी
नगर निगम के अनुसार ग्राम खेजड़ा बरामद में करीब 2.3 एकड़ भूमि पर कॉलोनी विकसित करने का काम चल रहा था। सवाई सिंह राजपूत और संतोष मीणा द्वारा टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से आवश्यक मंजूरी लिए बिना कॉलोनी विकसित किए जाने की जानकारी सामने आई। मौके पर कॉलोनी के लिए गेट, सड़क और अन्य निर्माण कार्य भी किए जा चुके थे। निगम की भवन अनुज्ञा शाखा ने कार्रवाई करते हुए JCB की मदद से इन निर्माणों को हटा दिया।
ये भी पढ़ें: सीहोर में जमोनिया-रायपुरा रोड पर गेहूं की संदिग्ध खेप पकड़ी; तीन ट्रक जब्त, जांच से खुलेगा पूरा राज
इंडस मुस्कान कॉलोनी में भी हटाया अवैध हिस्सा
दूसरी कार्रवाई अयोध्या बायपास स्थित इंडस मुस्कान कॉलोनी में की गई। यहां एक मकान के सामने अनुमति के विपरीत किए गए निर्माण को नगर निगम की टीम ने हटाया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा।
ये भी पढ़ें: भोपाल में अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हुआ बंदी, प्रहरी से मारपीट के बाद लगाई दौड़
अवैध निर्माण के खिलाफ रोज होगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि बिना सक्षम अनुमति के कॉलोनी विकसित करने, अवैध निर्माण करने और अतिक्रमण जैसी गतिविधियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। भवन अनुज्ञा शाखा को ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए गए हैं। निगम के मुताबिक अनधिकृत निर्माण और अवैध कॉलोनी विकास के खिलाफ मिशन मोड में प्रतिदिन कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य शहर में बिना स्वीकृति होने वाले निर्माण और अवैध विकास गतिविधियों पर रोक लगाना है।












