शादी के नाम पर मानव तस्करी-जीआरपी ने चार बांग्लादेशी युवतियों सहित 6 को किया गिरफ्तार , अलीगढ़ से पकड़ाया गिरोह

ग्वालियर। जीआरपी ने मानव तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए चार विदेशी युवतियों समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार युवतियों को शादी कराने के नाम पर अवैध तरीके से भारत लाया गया था। इनमें दो युवतियां नाबालिग बताई गई हैं। पुलिस ने मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। जीआरपी कंट्रोल रूम भोपाल से सूचना मिली थी कि ट्रेन क्रमांक 12643 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच में एक संदिग्ध विदेशी युवक सफर कर रहा है। वह कथित तौर पर अवैध रूप से युवतियों को भारत लाकर उनकी शादी कराने के नेटवर्क से जुड़ा है। सूचना पर जीआरपी थाना प्रभारी ने टीम के साथ ट्रेन में चेकिंग की। हुलिए के आधार पर पुलिस ने मुबीन (25), निवासी म्यांमार, हाल निवासी हैदराबाद, को हिरासत में लिया।
अलीगढ़ में किराए के मकान पर मिलीं युवतियां
पूछताछ में मुबीन ने पुलिस को बताया कि उसका साथी मोहम्मद हसन (35) अलीगढ़ में चार युवतियों के साथ किराए के मकान में रह रहा है। इसके बाद जीआरपी की टीम ने अलीगढ़ पहुंचकर दबिश दी और हसन के कब्जे से चार युवतियों को बरामद किया। पुलिस ने हसन को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक युवतियों को केवल रोहिंग्या/स्थानीय भाषा आती है, जिसके कारण पूछताछ में भाषा की समस्या सामने आई। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि युवतियों को बांग्लादेश के कुतुपालोंग रिफ्यूजी कैंप से उनके माता-पिता की सहमति होने की बात कहकर नदी और पहाड़ों के दुर्गम रास्तों से भारत में दाखिल कराया गया। आरोपियों की कथित योजना युवतियों की शादी जम्मू और श्रीनगर में कराने की थी। अब विस्तृत पूछताछ के लिए ट्रांसलेटर की मांग की जा रही है।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों का नेटवर्क! 19 मोबाइल, 17 ATM कार्ड और 38 सिम जब्त
युवतियों को शेल्टर होम में रखा
इस बारे में जीआरपी टीआई दीपशिखा तोमर ने कहा कि हमें बांग्लादेशियों की सूचना मिली थी, इसके बाद हमने मुख्य आरोपी को स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस से गिरफ्तार किया, इसके बाद एक टीम अलीगढ़ भेजी वहां से चार युवतियों एवं दो युवकों को गिरफ्तार किया है। युवतियों को शेल्टर होम में रखा है, आगे की पूछताछ के लिए ट्रांसलेटर मांगा है, इसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म का आरोप, उज्जैन के आरक्षक पर केस दर्ज




















