ग्वालियर में शादी का झांसा देकर महिला सिपाही से दुष्कर्म का आरोप, उज्जैन के आरक्षक पर केस दर्ज

ग्वालियर। पुलिस के अनुसार, महिला आरक्षक की आरोपी आरक्षक से वर्ष 2021 में इंदौर स्थित पीटीसी मूसाखेड़ी में ट्रेनिंग के दौरान मुलाकात हुई थी। दोनों एक ही पुलिस विभाग में पदस्थ थे। महिला आरक्षक ने शिकायत में बताया कि उसके पति की वर्ष 2020 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसे अनुकंपा नियुक्ति मिली थी।
शादी का झांसा देने का आरोप
महिला आरक्षक का आरोप है कि आरोपी ने विभागीय मार्गदर्शन और शादी की बातचीत के बहाने उसे इंदौर के एक होटल में बुलाया। वहां शादी का वादा कर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। महिला के विरोध और शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर माफी मांगी और जल्द कोर्ट मैरिज करने का भरोसा दिया। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी लगातार शादी की तारीख तय करने की बात टालता रहा। महिला का आरोप है कि वर्ष 2022 से आरोपी दो-तीन महीने के अंतराल में उसके सरकारी आवास पर आता रहा और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
ये भी पढ़ें: ट्रेन में परिवार बनकर करते थे सफर, यात्रियों का सामान करते थे चोरी; गुजरात के 7 आरोपी गिरफ्तार
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप
महिला आरक्षक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने की बात कहते हुए उसे धमकाया। शिकायत करने पर फोटो-वीडियो सोशल मीडिया और पुलिस विभाग में वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला के अनुसार, 15 जून 2026 को आरोपी उसके सरकारी क्वार्टर पर पहुंचा। इस दौरान महिला ने शादी से पहले संबंध बनाने से इनकार करते हुए तत्काल विवाह की बात कही। आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
हजीरा थाना पुलिस ने महिला आरक्षक की शिकायत के आधार पर आरोपी राकेश रायकवार के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में सामने आए आरोपों की जांच उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर की जाएगी। आरोपी का पक्ष सामने आने के बाद उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: इंदौर में विधवा महिला से 4.16 करोड़ की ठगी का आरोप, कारोबारी के खिलाफ FIR
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
ग्वालियर एएसपी जयराज कुबेर ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी आरक्षक राकेश रायकवार के खिलाफ दुष्कर्म सहित बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।




















