Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में दर्दनाक हादसा :जिसके हाथों में रची थी करवा चौथ की मेहंदी, उसकी बेकाबू कार ने ले ली जान, पति की भी मौत

 - तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपत्ति को रौंदा, टक्कर से उखड़ गया पेड़, 5 घायल
जिसके हाथों में रची थी करवा चौथ की मेहंदी, उसकी बेकाबू कार ने ले ली जान, पति की भी मौत

गुना। शहर के जेल रोड पर आकाशवाणी के पास शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। स्कॉर्पियो और बाइक के बीच भीषण आमने-सामने की टक्कर में महिला प्रियंका कुशवाह (35) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति दीपक ने इलाज के लिए भोपाल ले जाते समय दम तोड़ दिया। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे हुई, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (एमपी 08 सीए 6598) ने सामने से आ रही बाइक (एमपी 08 एमसी 3220) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि बाइक पर सवार पति-पत्नी करीब 20 फीट दूर जा गिरे, जबकि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई।

मौके पर महिला की मौत, पति की हालत गंभीर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में बाइक सवार प्रियंका कुशवाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति दीपक कुशवाह गंभीर रूप से घायल हैं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दीपक सहित चार अन्य की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मृतका प्रियंका बूढ़े बालाजी साईं बिहार निवासी थीं और अपने पति के साथ आंगनवाड़ी के किसी काम से जा रही थीं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह व्रत पर थीं और उनके हाथों में मेहंदी लगी हुई थी, जिससे घटना और भी भावुक कर देने वाली बन गई।

स्कॉर्पियो में सवार 4 युवक भी घायल

हादसे में स्कॉर्पियो में सवार चार युवक शिवम धाकड़ (15), मोहित धाकड़ (18) निवासी खुजाखेड़ी थाना बजरंगगढ़, सचिन खटीक (19) निवासी केंट खटीक मोहल्ला एवं अश्विन रघुवंशी (18) निवासी किररोदा जिला अशोकनगर भी घायल हो गए हैं। चारों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो बेहद तेज रफ्तार में थी और जेल रोड के मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी, जिसके बाद यह हादसा हुआ।

सड़क पर पसरा सन्नाटा,

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी और सन्नाटा फैल गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। जेल रोड क्षेत्र में मातम का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर रोजाना तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, जिससे हादसे आम हो चुके हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से स्पीड ब्रेकर और सख्त निगरानी की मांग की है।

पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts