गुना में दिनदहाड़े 17 लाख रुपए की लूट:आंखों में स्प्रे डालकर उड़ाए रुपए, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

गुना। पीड़ित मुनीम पचोर से व्यापारियों का पेमेंट लेकर गुना आया था और बुधवार सुबह कुंभराज जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। लूटी गई रकम कुंभराज की तीन प्रमुख व्यापारिक फर्मों की बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
शीतला माता मंदिर रोड पर हुई दिनदहाड़े वारदात
गुना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित रपटा के निकट शीतला माता मंदिर रोड पर चौधरी मोहल्ला तिराहा शिव मंदिर के पास तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही मुनीम वासुदेव ब्राह्मण वहां पहुंचा, बदमाशों ने उसकी आंखों में तीखा स्प्रे छिड़क दिया। इसके बाद रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। बीच बाजार हुई इस वारदात से व्यापारियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया।
पचोर से पेमेंट लाकर कुंभराज जा रहा था मुनीम
जानकारी के मुताबिक पीड़ित वासुदेव ब्राह्मण मूल रूप से बीकानेर, राजस्थान का निवासी है और वर्तमान में गुना के चौधरी मोहल्ला स्थित जैन मंदिर के पास रहता है। वह कुंभराज की धनिया व्यापारिक फर्म में मुनीम का काम करता है। मंगलवार को वह पचोर से व्यापारियों का करीब 15 से 17 लाख रुपए का सामूहिक पेमेंट लेकर गुना आया था। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह यह पैसे लेकर अपने घर से कुंभराज के लिए निकला था।
बदमाशों ने आंखों में डाला स्प्रे
पीड़ित वासुदेव ने बताया कि आंखों में स्प्रे डाले जाने के बाद भी उसने हिम्मत नहीं हारी और रुपयों से भरे बैग को बचाने के लिए बदमाशों से काफी देर तक संघर्ष किया। लेकिन आंखों में तेज जलन और दिखाई नहीं देने के कारण आरोपी बैग छीनने में सफल हो गए। वारदात के बाद दो बदमाश पैदल ही रपटा बाजार की तरफ भागे, जबकि उनका एक साथी अपनी बाइक लेने चौधरी मोहल्ला की ओर भाग गया। वासुदेव ने कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश की 96 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत: हाई कोर्ट ने दिए 48 महीने के एरियर्स देने के आदेश
तीन प्रमुख व्यापारिक फर्मों की थी पूरी रकम
बताया जा रहा है कि लूटी गई रकम कुंभराज की तीन प्रमुख व्यापारिक फर्मों की थी। इसमें गंगा ट्रेडर्स, ओमप्रकाश पवन कुमार बैरागी और अवधेश कुमार संजीव कुमार शिवहरे फर्म का व्यापारिक पैसा शामिल था। घटना के बाद स्थानीय व्यापारिक संगठनों में आक्रोश का माहौल है। व्यापारियों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी सीएसपी आनंद राय, कोतवाली थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ कर शहर के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी है। शीतला माता मंदिर रोड, चौधरी मोहल्ला तिराहा और रपटा बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रभारी सीएसपी आनंद राय ने बताया कि फरियादी वासुदेव ब्राह्मण पचोर से 15 से 17 लाख रुपए का पेमेंट लेकर आया था और कुंभराज जा रहा था, तभी उसके साथ लूट की वारदात हुई। सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों के चेहरे दिखाई दिए हैं और पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












