कांग्रेस का प्रदर्शन: जयवर्धन सिंह बोले-भाजपा को देशभर में खतरा है, इसलिए ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर रचा षड्यंत्र

गुना। SIR के विरोध और विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को विशाल पैदल मार्च निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए। प्रदर्शन में एक कार्यकर्ता गोरिल्ला की पोशाक में नजर आया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
राष्ट्रपति के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को राष्ट्रपति के नाम 12 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, उन्हें गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की गई। साथ ही ECI-Net की जांच स्वतंत्र न्यायिक निगरानी में कराने की मांग भी रखी गई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने एक षड्यंत्र के तहत वोट चोरी करवाई है। उन्होंने कहा कि SIR के बहाने सोची-समझी साजिश के तहत देश के मूल नागरिकों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने दावा किया कि कुछ नाम जानबूझकर हटाए गए और पहली बार ऐसा सॉफ्टवेयर लाया गया, जिसके जरिए सीधे दिल्ली से नाम काटे जा रहे थे।
जयवर्धन सिंह ने उठाए चुनाव प्रक्रिया और EVM से जुड़े सवाल
खाद की कमी और मक्का के समर्थन मूल्य का मुद्दा भी उठाया
प्रदर्शन के दौरान जयवर्धन सिंह ने गुना जिले में DAP खाद की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि खाद के दलालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनके मुताबिक, सोसायटियों तक खाद नहीं पहुंच पा रही है और ई-टोकन व्यवस्था भी पूरी तरह विफल हो चुकी है। वनाधिकार के पट्टे वाले किसानों के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं होने की बात उन्होंने कही। उन्होंने खाद की कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। इस पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने आश्वासन दिया कि आदिवासी क्षेत्रों में विशेष कैंप लगाकर किसानों को खाद उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा केंद्र सरकार की घोषणा के मुताबिक मक्का की उपज का समर्थन मूल्य 2410 रुपये किसानों को दिलाने की मांग भी रखी गई। जयवर्धन सिंह ने कहा कि कृषि विभाग पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पास है, इसलिए नवंबर से जनवरी तक मक्का की सरकारी खरीदी कर किसानों को उपज का उचित दाम दिलाया जाना चाहिए।




















