Google Search का End?अब नहीं पड़ेगी वेबसाइट्स की जरूरत! Gemini Omni और AI Search से आया बड़ा बदलाव

एक समय था जब इंटरनेट पर कुछ ढूढने के लिए लोग गूगल पर कुछ शब्द लिखते थे और फिर वेबसाइट्स के लिंक खोलकर जानकारी खोजते थे। लेकिन अब इंटरनेट की दुनिया तेजी से बदल रही है। AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में Google Search भी पूरी तरह बदल चुका है।
Google ने अपने सबसे बड़े टेक इवेंट Google I/O 2026 में साफ कर दिया है कि आने वाला समय सिर्फ AI असिस्टेंट्स का नहीं, बल्कि AI एजेंट्स का होगा। यह बदलाव इंटरनेट और टेक्नोलॉजी की दुनिया में एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। अब गूगल केवल लिंक दिखाने वाला सर्च इंजन नहीं रहेगा, बल्कि एक ऐसा AI असिस्टेंट बनेगा जो आपके लिए रिसर्च भी करेगा और जवाब भी तैयार करेगा।
एजेंटिक Gemini एरा की शुरुआत
Google के CEO सुन्दर पिचाई ने Agentic Gemini Era का ऐलान किया। इसका मतलब है कि अब Gemini सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा। अब Gemini खुद आपके लिए काम समझेगा, फैसले लेने में मदद करेगा और कई काम अपने आप पूरा करेगा। सीधा शब्दों में कहें तो अब AI सिर्फ बोलने वाला नहीं, बल्कि करने वाला सिस्टम बन गया है।
ये भी पढ़ें: गोरी बहू का टॉर्चर : पति को कहती है काला-काला, सास को जेल पहुंचाने की धमकी, पुलिस की शरण में पहुंचे मां-बेटा
25 साल बाद बदला Google Search का तरीका
करीब 25 साल से लोग गूगल के सर्च बॉक्स में छोटे-छोटे कीवर्ड लिखकर जानकारी खोजते आए हैं। लेकिन अब गूगल ने इस पुराने सिस्टम को पूरी तरह बदल दिया है। अब यूजर सिर्फ टेक्स्ट ही नहीं, बल्कि फोटो, वीडियो और फाइल्स के जरिए भी सवाल पूछ सकेंगे। गूगल AI इन सभी चीजों को समझेगा और उसी हिसाब से जवाब देगा।
इतना ही नहीं, अब गूगल यूजर के सवाल के अनुसार खुद नया इंटरफेस भी तैयार करेगा। यानी हर सवाल के लिए अलग अनुभव मिलेगा।
पहले Search कैसा था और अब क्या बदला?
पहले जब कोई यूजर गूगल पर कुछ सर्च करता था, तो सबसे ऊपर वेबसाइट्स के लिंक दिखाई देते थे। यूजर को खुद अलग-अलग वेबसाइट्स खोलकर जानकारी पढ़नी पड़ती थी। लेकिन अब AI Overview सबसे ऊपर दिखाई देगा। इसमें गूगल खुद अलग-अलग वेबसाइट्स से जानकारी लेकर एक तैयार जवाब देगा।
उदाहरण से समझिए अगर कोई यूजर पहले Best Hotels Delhi सर्च करता था, तो उसे होटल्स की वेबसाइट्स और लिस्ट दिखाई देती थी।
भोपाल में ऐसा कोचिंग सेंटर बताओ जहां NEET की तैयारी अच्छी हो, फीस कम हो और हॉस्टल की सुविधा भी मिले। अब Google AI खुद तुलना करके जवाब देगा। इसमें फीस, रेटिंग, हॉस्टल सुविधा और लोकेशन जैसी जानकारी एक साथ दिखाई जाएगी।
Chatbot की तरह काम करेगा Google Search
नए अपडेट के बाद Google Search सिर्फ एक बार जवाब देकर रुकने वाला नहीं है। अगर यूजर कोई अगला सवाल पूछता है, तो गूगल तुरंत चैटबॉट मोड में बदल जाएगा। यानी बातचीत इंसानों जैसी होगी।
मान लीजिए कोई यूजर गूगल पर लिखता है भोपाल में ऐसी जगह बताओ जहां दोस्तों के साथ वीकेंड पर घूम सकें, अच्छा खाना मिले और पूरा खर्च 3 हजार रुपए के अंदर हो। पहले गूगल अलग-अलग ब्लॉग, होटल वेबसाइट्स और ट्रैवल लिंक दिखाता था। यूजर को खुद हर वेबसाइट खोलकर जानकारी ढूंढनी पड़ती थी। लेकिन अब Google AI खुद पूरा जवाब तैयार करेगा। इसमें घूमने की जगह, खाने के ऑप्शन, अनुमानित खर्च और ट्रैवल सुझाव एक साथ मिल जाएंगे।
Google के नए AI Agents क्या हैं?
Google ने Information Agents नाम का नया फीचर भी पेश किया है। यह फीचर सबसे ज्यादा चर्चा में है। इन AI Agents का काम सिर्फ एक बार जवाब देना नहीं होगा, बल्कि ये लगातार इंटरनेट पर नजर रखेंगे और आपके लिए काम करते रहेंगे।
ये AI Agents क्या-क्या कर पाएंगे?
गूगल अब एक ऐसे पर्सनल असिस्टेंट की तरह काम करेगा जो 24 घंटे आपके लिए इंटरनेट पर एक्टिव रहेगा।
- आपके बजट में फ्लैट ढूंढना
- सस्ती फ्लाइट टिकट ट्रैक करना
- पसंदीदा ब्रांड के स्नीकर्स लॉन्च की जानकारी देना
- होटल और ट्रैवल डील्स मॉनिटर करना
- ऑनलाइन प्रोडक्ट्स की कीमतें देखना
Google Search के अंदर ही बनेंगे Mini Apps
Google ने एक नया Generative UI सिस्टम भी लॉन्च किया है। इसका मतलब है कि अब गूगल यूजर के सवाल के हिसाब से छोटे-छोटे ऐप्स खुद तैयार करेगा। इसके लिए किसी को कोडिंग करने की जरूरत नहीं होगी।
कौन-कौन से Mini Apps बन सकते हैं?
- Fitness Tracker
- Wedding Planner
- Travel Planner
- Moving Checklist
- Budget Planner
मान लीजिए आपने पूछा मुझे शादी की पूरी प्लानिंग करनी है। तो गूगल आपके लिए एक छोटा इंटरैक्टिव प्लानर बना देगा, जिसमें टास्क, बजट और जरूरी चीजें दिखाई देंगी।
Google यहां तक कैसे पहुंचा?
2024 में शुरू हुआ AI Overviews- Google ने सबसे पहले AI Summary फीचर लॉन्च किया था। इसका मकसद यूजर को छोटा और सीधा जवाब देना था। लेकिन शुरुआत में इसमें कई गलतियां देखने को मिलीं। कई बार गलत तारीखें और गलत तथ्य दिखाए गए। इसके बाद Google ने लगातार सिस्टम को बेहतर बनाया।
2025 में आया AI Mode- इसके बाद Google ने AI Mode लॉन्च किया। इसमें यूजर लंबे सवाल पूछ सकते थे और AI अलग-अलग स्रोतों से जानकारी जोड़कर जवाब देता था। अब कंपनी का दावा है कि AI Mode के 1 अरब से ज्यादा मासिक यूजर हैं। AI Overviews करीब 2.5 अरब यूजर्स तक पहुंच चुका है।
वेबसाइट्स और मीडिया इंडस्ट्री पर सबसे बड़ा असर
Google के इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर वेबसाइट्स और मीडिया इंडस्ट्री पर पड़ रहा है। पहले लोग जानकारी पढ़ने के लिए वेबसाइट्स पर जाते थे। इससे वेबसाइट्स को ट्रैफिक मिलता था, लेकिन अब AI Overview खुद जवाब दे देता है। ऐसे में यूजर वेबसाइट खोलने की जरूरत ही महसूस नहीं करते। इस वजह से कई न्यूज वेबसाइट्स और मीडिया प्लेटफॉर्म्स का ट्रैफिक तेजी से गिरा है।
वेबसाइट्स को क्यों हो रहा नुकसान?
AI वेबसाइट्स से जानकारी लेकर खुद जवाब तैयार करता है। लेकिन यूजर को मूल वेबसाइट तक भेजने की जरूरत कम हो रही है। यानी कंटेंट वेबसाइट्स बना रही हैं, लेकिन फायदा सीधे AI प्लेटफॉर्म्स को मिल रहा है।
यूरोपियन यूनियन भी रख रही नजर
Google के इस नए AI सिस्टम पर यूरोपियन यूनियन भी नजर रख रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर AI खुद सारी जानकारी देने लगेगा, तो वेबसाइट्स और छोटे मीडिया प्लेटफॉर्म्स का बिजनेस मॉडल कमजोर हो सकता है। इसके अलावा यह भी चिंता है कि अगर AI गलत जानकारी देगा, तो उसका असर करोड़ों लोगों तक पहुंच सकता है।
भविष्य का इंटरनेट कैसा होगा?
अब इंटरनेट सिर्फ लिंक खोलने की जगह नहीं रह जाएगा। आने वाले समय में AI सीधे सवाल समझेगा, जवाब देगा और यूजर के लिए काम भी करेगा। Google Search का नया रूप यह दिखाता है कि भविष्य में इंटरनेट ज्यादा पर्सनल, तेज और AI आधारित होने वाला है।











