Air India Flight :दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 8 घंटे हवा में रहने के बाद वापसी

दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट (AI173) को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। एअर इंडिया का यह प्लेन दिल्ली से उड़ान भरने के बाद करीब 8 घंटे तक हवा में रहा। इस दौरान प्लेन में 230 यात्री सवार थे, जिनकी सांसे अटकी रहीं। प्लेन के सभी यात्री सुरक्षित हैं।
दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, 8 घंटे हवा में रहने के बाद वापसी
फाइल फोटो

नई दिल्ली। दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI173 को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान भरने के बाद विमान करीब आठ घंटे तक हवा में रहा, लेकिन सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए पायलट ने फ्लाइट को वापस लाने का फैसला किया। विमान में लगभग 230 यात्री सवार थे और राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। एअर इंडिया के प्रवक्ता ने भी इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है।

सुरक्षा नियमों के तहत लिया गया फैसला

एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया कि फ्लाइट में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया। यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरलाइन ने बताया कि अब विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जाएगी ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।

ये भी पढ़ें: "मेरे पूर्वज हिंदू थे", पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान से मचा बवाल; बोले- बच्चों को पढ़ाया जा रहा गलत इतिहास

यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम

एअर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। एयरलाइन के अनुसार यात्रियों को जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत यात्रियों को होटल, रिफ्रेशमेंट और री-शेड्यूलिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कंपनी ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसके लिए सबसे अहम है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहला मौका नहीं है जब एअर इंडिया की किसी अंतरराष्ट्रीय उड़ान को तकनीकी या संचालन संबंधी कारणों से वापस लौटना पड़ा हो। इससे पहले 19 मार्च को दिल्ली से वैंकूवर जाने वाली फ्लाइट AI185 भी करीब आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद दिल्ली लौट आई थी। बाद में जानकारी मिली कि एयरलाइन ने गलती से ऐसा विमान भेज दिया था जिसे कनाडा में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। विमान को चीन के एयरस्पेस से वापस लौटना पड़ा था। उस घटना को एअर इंडिया की बड़ी चूक माना गया था।

ये भी पढ़ें: National Weather : प्री- मानसून बारिश की 25 मई से एंट्री, केरलम में नहीं पहुंचा मानसून, बांदा अब भी सबसे ज्यादा तप रहा

अहमदाबाद हादसे के बाद बढ़ी चिंताएं

पिछले साल 12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद से एअर इंडिया लगातार सवालों के घेरे में रही है। उस हादसे में करीब 270 लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद से एयरलाइन के विमानों में तकनीकी खराबियों की घटनाएं बढ़ने की चर्चाएं भी तेज हुई हैं।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts