स्वाद के पीछे ‘गंदगी’ का खेल! बिग बॉस्केट और हाईडेली पिज्जा के खाद्य लाइसेंस निलंबित:

इंदौर। कुछ महीने पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की जांच में शहर के तीन बड़े फूड प्रतिष्ठानों Heydeli Pizza, Bigbasket और Social Ring Road में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आई थीं। जांच के बाद तीनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना पत्र (Improvement Notice) जारी कर तय समय सीमा में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन निर्धारित अवधि में कमियां दूर नहीं किए जाने पर अब खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में की गई।
यह भी देखें: त्योहार से पहले मावा-पनीर पर एक्शन! रात में प्लांट पहुंची खाद्य विभाग की टीम और 20 हजार का माल किया जब्त
Heydeli Pizza में कॉकरोच, जंग लगे बर्तन और जले हुए तेल का इस्तेमाल
स्कीम नंबर 54 स्थित Gemini Mall के Heydeli Pizza में कुछ महीने पहले हुई जांच के दौरान फ्रीजर और फर्श पर कॉकरोच मिले थे। यहां जंग लगे और गंदे बर्तनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों को जले हुए काले तेल में तला जा रहा था। मोकटेल बनाने वाले प्लेटफॉर्म पर भी जंग लगी मिली थी। जांच में यह भी पाया गया था कि किचन के दरवाजे के नीचे खाली जगह थी, जिससे कीड़े-मकौड़े आसानी से अंदर प्रवेश कर सकते थे। खाना बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कुछ बर्तन नॉन-टॉक्सिक मटेरियल के नहीं पाए गए।
यह भी देखें: त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सोहागपुर-बनखेड़ी में मिठाई दुकानों से लिए 31 सैंपल
NABL रिपोर्ट और जरूरी रिकॉर्ड भी नहीं मिले
Heydeli Pizza में तैयार खाद्य पदार्थों और कच्चे माल की NABL लैब जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली थी। खाना बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे पानी की IS 10500 मानक के अनुसार NABL लैब रिपोर्ट भी नहीं थी। इसके अलावा किचन और स्टोर में पर्याप्त रोशनी नहीं मिली। कच्चे माल रखने और खाना बनाने वाली जगहों पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं थी। बर्तन साफ करने की उचित व्यवस्था, खाने का तापमान जांचने की सुविधा, कच्चे माल के खरीद बिल और पेस्ट कंट्रोल के रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं कराए गए थे। परिसर में पर्याप्त डस्टबिन नहीं थे और जो थे, वे खुले पाए गए। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी उपलब्ध नहीं मिले। कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी कमियां पाई गईं।
यह भी देखें: सयाजी में खाना खाया जी...! होटल के किचन में वेज-नॉनवेज साथ,चूहे-कॉकरोच का डेरा
Bigbasket में खाद्य और अखाद्य सामान एक साथ रखा मिला
स्कीम नंबर 54 स्थित Bigbasket में जांच के दौरान कच्चे माल के भंडारण में कमियां मिली थीं। खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य सामान भी रखा पाया गया था। परिसर की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं थी। जांच के दौरान प्रतिष्ठान FSSAI/FoSTaC ट्रेनिंग सर्टिफिकेट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं कर सका था।
यह भी देखें: इंदौर में गुजरात से आया 1750 लीटर घी जब्त:सैंपल जांच के लिए भेजे
Social में एक ही डीप फ्रीजर में रखा था वेज-नॉनवेज खाना
MR-10 स्थित Social Ring Road में भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई कमियां सामने आई थीं। स्टोर रूम के दरवाजे खुले पाए गए थे और सबसे बड़ी लापरवाही यह मिली कि वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही डीप फ्रीजर में रखे गए थे। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। खाद्य पदार्थों की NABL लैब जांच भी नहीं कराई गई थी। सामान रखने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी और डस्टबिन खुले पाए गए थे।
निलंबन अवधि में पूरी तरह बंद रखना होगा कारोबार
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(2) और खाद्य सुरक्षा एवं मानक नियम, 2011 के नियम 2.1.8(1) के तहत तीनों प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
यह भी देखें: आजादी के जश्न में बच्चों को बांटे लड्डू में निकली इल्ली, सोनगुराड़िया स्कूल में मचा हड़कंप




















