Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोनभद्र में दशहरा मेले की खुशियां मातम में बदलीं! कार-टेंपो की टक्कर में 3 की मौत, 16 घायल

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास कार और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बच्चे और दो अन्य लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई बच्चों समेत 16 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों को बभनी और म्योरपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
सोनभद्र में दशहरा मेले की खुशियां मातम में बदलीं! कार-टेंपो की टक्कर में 3 की मौत, 16 घायल
सोनभद्र में कार-टेंपो की भीषण टक्कर

उत्तर प्रदेश। जिले के बभनी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के पास कार और टेंपो की जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से म्योरपुर के किरबिल में दशहरा मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार से उनकी गाड़ी भिड़ गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

नधिरा मोड़ पर कैसे हुआ हादसा?

रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के पास मोड़ पर कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर हुई। बताया गया कि टेंपो में कई लोग सवार थे और सभी किरबिल में लगने वाले दशहरा मेले में जा रहे थे। दूसरी ओर, कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में मदद करने लगे।

पुलिस स्मृति दिवस 2026: पीएम मोदी-अमित शाह समेत कई मंत्रियों ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, शाह ने दिया नशामुक्ति का संदेश

तीन लोगों की मौत, घायलों में बच्चे भी शामिल

हादसे के बाद घायलों को बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। म्योरपुर अस्पताल में नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश को मृत घोषित किया गया। वहीं, 23 वर्षीय राजकुमारी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल धरतीडांड़ निवासी 25 वर्षीय सुनील गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन बताया गया कि वहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या तीन बताई गई है।

कई घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में घायल लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। घायलों में 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, डेढ़ वर्षीय शिवांश, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश और सात वर्षीय उषा समेत कई लोग शामिल हैं। इसके अलावा मंजू, फूलमती, पूजा, हीनकुंवर और पानमती भी घायल हुई हैं। अंजली और सुनील गुप्ता को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल भेजा गया।

Tiger Shroff Firing Case: 'डेड लेटर बॉक्स' से पहुंचाए गए हथियार! अमृतसर से मुंबई तक फैला नेटवर्क, 7 गिरफ्तार आरोपियों को लेकर बड़ा खुलासा

पुलिस ने शुरू की आगे की कार्रवाई

हादसे की जानकारी मिलते ही बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। एक साथ कई घायलों के पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्रों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts