त्योहारों से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, सोहागपुर-बनखेड़ी में मिठाई दुकानों से लिए 31 सैंपल
त्योहारों के दौरान मिलावटी मावा, दूध और अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सेमरी हरचंद, सोहागपुर और बनखेड़ी में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से मिठाई और दुग्ध उत्पादों समेत कुल 31 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
सेमरी हरचंद में तीन दुकानों से 18 सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार ने बताया कि नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन और जिला कलेक्टर के निर्देश पर त्योहारों को देखते हुए दूध और उससे बने उत्पादों की गुणवत्ता की विशेष निगरानी की जा रही है। अभियान के दौरान सेमरी हरचंद स्थित सर्वेश्वर मिष्ठान, बजरंग मिष्ठान और बीकानेर मिष्ठान का निरीक्षण किया गया। इन दुकानों से मिठाई, सोन पापड़ी, रसगुल्ला, बेसन, सोयाबीन तेल और नमकीन सहित कुल 18 खाद्य नमूने लिए गए।
ये भी पढ़ें: शिवपुरी में ईद मिलाद-उन-नबी पर दिखी सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल, रक्षाबंधन के साथ नजर आईं शुभकामनाएं
सोहागपुर में मावा और मिठाइयों की जांच
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोहागपुर स्थित श्री बीकानेर और न्यू बीकानेर प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। यहां से मावा, बर्फी, लड्डू, सोन पापड़ी और रसगुल्ला के कुल 8 नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बी.एस. धाकड़ और कमलेश दियावार ने सभी नमूनों को नियमानुसार पैक कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई पूरी की।
बनखेड़ी में भी तीन दुकानों पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र सिंह राणा ने बनखेड़ी में अग्रवाल स्वीट, श्याम स्वीट और बीकानेर स्वीट का निरीक्षण किया। इन दुकानों से मावा पेड़ा, मावा, कलाकंद, मिल्क केक और बर्फी के कुल 5 नमूने लिए गए। विभाग की टीम ने सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया है। अब इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस में अकीदत और उत्साह से शामिल हुए लोग, पुष्प वर्षा कर भाईचारे का दिया संदेश
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान मावा, दूध से बने उत्पाद, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर रखी जाएगी। इसके लिए निरीक्षण और सैंपलिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।






















